मार्च 10, 2026

पेरिस ओलंपिक-2024: भारतीय हॉकी टीम ने 52 वर्षों में पहली बार लगातार दूसरा ओलंपिक कांस्य पदक जीता

पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय हॉकी टीम ने 52 वर्षों में पहली बार लगातार दूसरा ओलंपिक कांस्य पदक जीता। भारत ने कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल और रिटायर होने वाले गोलकीपर पीआर श्रीजेश के कुछ शानदार बचाव की मदद से स्पेन को 2-1 से हरा दिया और पदक मैच जीत लिया। 1972 में म्यूनिख में लगातार दो बार कांस्य पदक जीतने के बाद भारत ने पेरिस ओलंपिक में लगातार दूसरी बार कांस्य पदक जीता है। इससे पहले 2020 में हुए टोक्यो ओलंपिक में भी भारत ने कांस्य पदक जीता था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक हासिल करने पर हॉकी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी के पुनरुत्थान के लिए टीम सबसे अधिक प्रशंसा की पात्र है। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारतीय हॉकी टीम की निरंतरता, कौशल, एकजुटता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना भारत के युवाओं को प्रेरित करेगी।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी भारतीय हॉकी टीम को उनकी ऐतिहासिक जीत के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी खिलाड़ियों ने विश्व मंच पर भारत का नाम रोशन किया है। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने टीम को भविष्य में उनके सभी प्रयासों में निरंतर सफलता की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल पेरिस में पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्यों से फोन पर बात की और खिलाड़ियों को स्पेन के खिलाफ उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने सेमीफाइनल में जर्मनी से रोमांचक मुकाबला हारने के बाद भारतीय हॉकी टीम की जुझारू भावना की सराहना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों से फोन पर बात करते हुए भारतीय टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह को टीम का ‘सरपंच’ बताया। श्री मोदी ने हरमनप्रीत की सराहना की और कहा कि उनके नेतृत्व में और सभी साथियों के प्रयासों से भारत फिर से विजयी हुआ है। प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि भारतीय हॉकी खेल के स्वर्णिम काल को पुनर्जीवित करेगी।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading