सितम्बर 20, 2026

मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री से भेंट की

प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना सुदृढ़ करने का आग्रह किया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गत सायं नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से उनके आवास पर भेंट की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसरंचना को सुदृढ़ करने, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत अगले वित्त वर्ष में आवंटन में वृद्धि, प्रदेश के लिए 3 गहन चिकित्सा खंड स्थापित करने की स्वीकृति शीघ्र प्रदान करने तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अनुपात बनाए रखने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने आग्रह किया कि प्रदेश के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत अगले वित्त वर्ष में आवंटन में 200 करोड़ की वृद्धि की जाए।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार की हिस्सेदारी बढ़ाने का आग्रह भी किया ताकि 90ः10 का अनुपात बना रहे।
ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आग्रह किया कि प्रदेश के लिए तीन गहन चिकित्सा खंड स्थापित करने की अनुमति शीघ्र प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि यह खंड प्रदेश में गंभीर रोगों से पीड़ित रोगियों के बेहतर उपचार के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण हैं।
इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं के लिए प्रदेश सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को हिमाचल में इस वर्ष आपदा से हुए नुकसान तथा प्रदेश सरकार द्वारा अधोसरंचना विकास एवं आपदा पीड़ितों के पुनर्वास के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी भी दी। उन्होंने प्रदेश हित में राज्य की ऋण सीमा में 2 प्रतिशत की वृद्धि का मामला केंद्रीय वित्त मंत्री से उठाने का आग्रह भी किया।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने मुख्यमंत्री को विभिन्न मांगों पर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading