मार्च 14, 2026

रेखा गुप्ता ने दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, छह कैबिनेट मंत्रियों ने भी ली शपथ

भारतीय जनता पार्टी की पहली बार की विधायक रेखा गुप्ता ने आज दिल्‍ली के रामलीला मैदान में दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्‍हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मु्ख्यमंत्री के साथ छह कैबिनेट मंत्रियों- प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रवींद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह ने भी शपथ ली।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कई केंद्रीय मंत्री इस अवसर पर उपस्थित रहे। कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों ने भी समारोह शिरकत की। रेखा गुप्ता, दिल्ली की चौथी और भाजपा की दूसरी महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं। शपथ ग्रहण समारोह से पहले पत्रकारों से बातचीत में रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपने के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्‍यक्‍त किया। उन्होंने दिल्ली की जनता के कल्याण और विकास के लिए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने का संकल्प लिया।

हाल ही में संपन्‍न हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा सीट से जीत हासिल की है। उन्होंने 1992 में दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। वर्ष 1996 में वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष बनीं। वह दिल्ली में भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव भी रह चुकी हैं।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading