मार्च 11, 2026

धन्वंतरि जयंती और आयुर्वेद दिवस पर आज लगभग 12,850 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज धन्वंतरि जयंती और नवें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर नई दिल्‍ली में स्‍वास्‍थ्‍य संबंधी लगभग 12,850 करोड़ रुपये लागत वाली परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे आयुष्‍मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में 70 वर्ष और इससे अधिक आयु के नागरिकों को भी शामिल करने की योजना का शुभारंभ करेंगे। इससे सभी आय वर्गों के वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ होंगी।

स्‍वास्‍थ्‍य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री कई स्वास्थ्य संस्‍थानों का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे देश के प्रथम अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान के दूसरे चरण का उद्घाटन भी करेंगे। इस चरण में एक पंचकर्म अस्पताल, दवा निर्माण के लिए एक आयुर्वेदिक फार्मेसी, एक खेल चिकित्सा इकाई, एक केंद्रीय पुस्तकालय, एक आईटी और स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर और 500 सीटों वाला एक अस्पताल शामिल हैं।

मोदी मध्य प्रदेश के मंदसौर, नीमच और सिवनी में तीन चिकित्‍सा महाविद्यालयों का उद्घाटन करेंगे। वे हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, पश्चिम बंगाल के कल्याणी, बिहार में पटना, उत्‍तरप्रदेश में गोरखपुर, मध्य प्रदेश में भोपाल, असम में गुवाहाटी और नई दिल्‍ली में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थानों में चिकित्‍सा सेवा के विस्तार और जन औषधि केंद्र का भी शुभारंभ करेंगे। वे छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में सुपर स्पेशिएलिटी खंड और ओडिशा के बरगढ़ में गंभीर रोग उपचार खंड का भी उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री मध्य प्रदेश में शिवपुरी, रतलाम, खंडवा, राजगढ़ और मंदसौर में पांच नर्सिंग कॉलेजों की आधारशिला भी रखेंगे। वे हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, मणिपुर, तमिलनाडु और राजस्‍थान में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत 21 गंभीर रोग उपचार केन्‍द्रों का भी शिलान्यास करेंगे। वे नई दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थानों में भी कई सुविधाओं और सेवा विस्तार की आधारशिला रखेंगे।

प्रधानमंत्री मध्य प्रदेश के इंदौर में कर्मचारी राज्य बीमा निगम-ईएसआईसी अस्पताल का भी उद्घाटन करेंगे। वे हरियाणा के फरीदाबाद, कर्नाटक के बोम्मासंद्र और नरसापुर, मध्य प्रदेश के इंदौर, उत्तर प्रदेश के मेरठ और आंध्र प्रदेश के अच्युतपुरम में ईएसआईसी अस्पतालों की आधारशिला भी रखेंगे। इन परियोजनाओं से लगभग 55 लाख ईएसआई लाभार्थियों को फायदा होगा।

प्रधानमंत्री यू-विन पोर्टल की भी शुरुआत करेंगे। इससे टीकाकरण प्रक्रिया डिजिटल बनेगी जिससे गर्भवती महिलाओं और शिशुओं को लाभ होगा। प्रधानमंत्री संबद्ध और स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों तथा संस्थानों के लिए भी एक पोर्टल शुरू करेंगे। यह मौजूदा स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों और संस्थानों के लिए केंद्रीकृत डेटाबेस होगा।

मोदी देश में स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था में सुधार के प्रयोजन से अनुसंधान एवं विकास और परीक्षण अवसंरचना की मजबूती के लिए कई पहल करेंगे। वे ओडिशा के भुवनेश्वर के गोथापाटन में एक केंद्रीय औषधि परीक्षण प्रयोगशाला का उद्घाटन भी करेंगे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading