मार्च 11, 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पोलैंड के वारसॉ पहुंचे; भारतीय समुदाय के साथ करेंगे बातचीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर पोलैंड के वारसॉ पहुंच गए हैं। मोदी का वारसॉ सैन्य हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री जाम साहेब नवानगर स्मारक और मॉंटे कैसिनो युद्ध स्मारक और कोल्हापुर स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। मोदी वारसॉ में एक सामुदायिक कार्यक्रम में भाग लेंगे और भारतीय समुदाय के साथ बातचीत करेंगे।

प्रधानमंत्री ने प्रस्थान से पहले कहा कि पोलैंड भारत का मध्य यूरोप में एक प्रमुख आर्थिक भागीदार है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के लिए भारत और पोलैंड की प्रतिबद्धता दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत करती है। मोदी ने कहा कि उनकी पोलैंड यात्रा दोनों देशों के राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रही है। यात्रा के दौरान मोदी पोलैंड के प्रधानमंत्री डॉनल्ड टस्क और राष्ट्रपति आंद्रेज डूडा से मुलाकात करेंगे। पिछले 45 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली पोलैंड यात्रा है।

प्रधानमंत्री ने यूक्रेन यात्रा के बारे में कहा कि वह राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की के निमंत्रण पर यूक्रेन जा रहे हैं। वर्ष 1992 में द्विपक्षीय संबंध शुरू होने के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यूक्रेन की पहली यात्रा है। उन्होंने क्षेत्र में जल्द शांति और स्थिरता की वापसी की आशा व्‍यक्‍त की। मोदी ने कहा कि वह द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने और यूक्रेन में चल रहे संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान पर दृष्टिकोण साझा करने के लिए राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से मिलेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस यात्रा से दोनों देशों के बीच आपसी संबंध और प्रगाढ होंगे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading