मार्च 10, 2026

लोकसभा चुनाव के शेष दो चरणों के लिए प्रचार तेज

लोकसभा चुनाव के शेष दो चरणों के लिए प्रचार तेज हो गया है। राजनीतिक दलों के वरिष्‍ठ नेता अपनी पार्टी के लिए समर्थन जुटाने के के लिए जनसभाएं और रोड शो कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी आज ओडिसा और पश्चिम बंगाल में रैलियां कर रहे हैं। उन्‍होंने ओडिसा के अंगुल और कटक में जनसभा को संबोधित किया। श्री मोदी ने कहा कि कटक भारत के प्राचीनतम शहरों में से एक है और यह आधुनिक शिक्षा का केन्‍द्र है। उन्‍होंने वायदा किया कि यदि राज्‍य में उनकी सरकार बनी, तो चावल का न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य प्रति क्विंटल दो हजार दो सौ रुपये से बढाकर तीन हजार एक सौ रुपये कर दिया जाएगा। श्री मोदी ने कहा कि ओडिसा, प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद गरीबी से जूझ रहा है। उन्‍होंने आरोप लगाया कि बीजू जनता दल के शासन में ओडिसा के खनिज और संस्‍कृति सुरक्षित नहीं है। श्री मोदी ने नवीन पटनायक सरकार पर आरोप लगाया कि उसने अपने पिछले 24 वर्ष के शासन में किसानों और युवाओं के कल्‍याण के लिए कुछ नहीं किया। प्रधानमंत्री ने मतदाताओं से अपील की कि वे ओडिसा में सरकार बदलने के लिए मतदान करें, ताकि राज्‍य समृद्धि के रास्‍ते पर आगे बढ सके।

श्री मोदी ने आज सवेरे पुरी में दो किलोमीटर लम्‍बे रोड शो का नेतृत्‍व किया। वे आज पश्चिम बंगाल के झारग्राम और तामलुक में भी जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं।

ओडिसा के मुख्‍यमंत्री और बीजू जनता दल के प्रमुख नवीन पटनायक का, मेगा रोड शो और जनसभाएं करने का कार्यक्रम है।

भाजपा के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह ने आज हरियाणा के करनाल में रैली की।

उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री और वरिष्‍ठ भाजपा नेता योगी आदित्‍यनाथ ने चंडीगढ में रैली को संबोधित किया।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्‍तर प्रदेश के डुमरियागंज और संतकबीर नगर में जनसभा को संबोधित किया। उन्‍होंने वायदा किया कि यदि आई एन डी आई गठबंधन की सरकार बनी तो तीस लाख युवाओं को नौकरी दी जाएगी और अग्निवीर योजना समाप्‍त कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading