राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से अलंकृत करेंगी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज पूर्व उप प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से अलंकृत करेंगी।
कल राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में पूर्व प्रधानमंत्रियों – पी वी नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह, कृषि वैज्ञानिक एम. एस. स्वामीनाथन और दो बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया। उनके संबंधियों ने यह सम्मान ग्रहण किया।
अलंकरण समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, विदेश मंत्री डॉ. एस.जयशंकर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
भारत रत्न देश का सर्वोच्च नागरिक अलंकरण है। यह मानव प्रयास के किसी भी क्षेत्र में असाधारण सेवा और उत्कृष्टतम कार्यो के लिए प्रदान किया जाता है।