मार्च 7, 2026

राष्ट्रीय कैडेट कोर केवल एक संगठन नहीं है बल्कि यह एक आंदोलन है, जो युवा मस्तिष्क को जिम्मेदार नागरिकों और भविष्य के नायकों के रूप में रूपातंरित करता है: एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर में रक्षा राज्य मंत्री का वक्तव्य

रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने दिल्ली कैंट में एनसीसी द्वारा आयोजित गणतंत्र दिवस शिविर का 18 जनवरी, 2024 को दौरा किया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा है कि राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) केवल एक संगठन नहीं है बल्कि यह एक आंदोलन है, जो युवा मस्तिष्क को जिम्मेदार नागरिकों और भविष्य के नायकों के रूप में रूपातंरित करता है। रक्षा राज्य मंत्री ने भारत के भविष्य के नायकों को तैयार करने में राष्ट्रीय कैडेट कोर के प्रयासों की सराहना करते हुए इस शिविर को विविध संस्कृतियों, भाषाओं एवं परंपराओं का मिश्रण बताया, जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की जीवंत छवि और विविधता में एकता की पहचान को प्रदर्शित करता है।

रक्षा राज्य मंत्री ने कैडेटों में मूल्यों व कौशल भावना को विकसित करने और उनकी नेतृत्व क्षमताओं को विस्तार देने के लिए भी एनसीसी की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर अपने आदर्श वाक्य ‘एकता और अनुशासन’ के अनुरूप छोटे स्तर से शुरू होकर दुनिया का सबसे बड़ा वर्दीधारी युवा संगठन बन चुका है।

अजय भट्ट ने एनसीसी कैडेट के रूप में अपने समय को भी याद किया। अपनी स्मृतियों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि इस संगठन ने उन्हें गर्व की गहरी भावना से भर दिया है। उन्होंने ‘पुनीत सागर अभियान’, ‘गंगा उत्सव अभियान’, ‘स्वच्छ भारत अभियान’, ‘प्लास्टिक प्रदूषण अभियान’, ‘समुद्र तटीय सफाई दिवस’ और ‘विश्व नदी दिवस’ जैसी सामुदायिक सेवा योजनाओं के प्रति उनके सराहनीय प्रयासों की सराहना की, जिनका देश पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने अपने संबोधन के अंत में संविधान के आदर्शों के प्रति स्वयं को पुनः समर्पित करने और इस वर्ष के गणतंत्र दिवस के अवसर पर अधिक समावेशी तथा सशक्त भारत बनाने का प्रयास करने के लिए आह्वान किया।

रक्षा राज्य मंत्री ने कार्यक्रम के हिस्से के रूप में एनसीसी के स्मार्ट कैडेटों द्वारा प्रस्तुत किये गए एक प्रभावशाली ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ का निरीक्षण किया। इसके बाद, कपूरथला के सैनिक स्कूल से आए एनसीसी कैडेटों ने शानदार बैंड प्रदर्शन किया। अजय भट्ट ने ‘फ्लैग एरिया’ का भी दौरा किया, जिसमें विभिन्न सामाजिक जागरूकता विषयों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के बारे सूचनाओं को दर्शाया गया है। उन्हें राज्य निदेशालयों के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके बाद, रक्षा राज्य मंत्री राष्ट्रीय एकता और भारत की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के साक्षी भी बने।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading