भूतपूर्व सैनिकों के लिए रोजगार संगोष्ठी/रोजगार मेला
पुनर्वास महानिदेशालय (डीजीआर) ने पूर्व सैनिकों के लिए और अधिक रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए लोकसंपर्क के उद्देश्य से 23 नवंबर, 2023 को गुरुग्राम के डूंडाहेड़ा सैन्य केंद्र में एक रोजगार मेले का आयोजन किया है। रोजगार मेले में कुल 33 कंपनियों ने भाग लिया और सहभागी कंपनियों द्वारा पूर्व सैनिकों को रोजगार के 1,326 अवसर प्रदान किए गए।
कंपनी चयन प्रक्रिया के अनुसार कुल 1,139 पूर्व सैनिकों को आगे के साक्षात्कार और दस्तावेज़ सत्यापन के लिए कंपनियों द्वारा विभिन्न रोजगारों के लिए चयन किया गया है। वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए पूरे भारत में चंडीगढ़, विशाखापत्तनम, अलवर, पुणे, मुंबई, इंदौर और लखनऊ में सात और डीजीआर रोजगार संगोष्ठी/रोजगार मेले प्रस्तावित हैं।
यह जानकारी रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने लोकसभा में संजय सदाशिवराव मांडलिक और अन्य को एक लिखित उत्तर में दी।