मार्च 8, 2026

पद्म पुरस्कार-2024 के लिए नामांकन 15 सितंबर, 2023 तक

गणतंत्र दिवस, 2024 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले पद्म पुरस्कार 2024 के लिए ऑनलाइन नामांकन/सिफारिशें 1 मई 2023 से प्रारंभ हो चुकी हैं। पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 15 सितंबर, 2023 है। पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन/सिफारिशें राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (https://awards.gov.in) पर ऑनलाइन प्राप्त की जाएंगी।

पद्म पुरस्‍कार, अर्थात पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री देश के सर्वोच्‍च नागरिक अलंकरणों में शामिल हैं। वर्ष 1954 में स्‍थापित इन पुरस्‍कारों की घोषणा प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। इन पुरस्‍कारों के अंतर्गत ‘उत्‍कृष्‍ट कार्य’ के लिए सम्‍मानित किया जाता है तथा ये कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, लोक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग आदि जैसे सभी क्षेत्रों/विषयों में विशिष्‍ट और असाधारण उपलब्धियों/सेवा के लिए प्रदान किए जाते हैं। सभी व्यक्ति जाति, व्यवसाय, स्थिति या लिंग के भेदभाव के बिना इन पुरस्कारों के लिए पात्र है। डॉक्टरों और वैज्ञानिकों को छोड़कर सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में काम करने वाले कर्मचारियों सहित सरकारी कर्मचारी पद्म पुरस्कारों के लिए पात्र नहीं हैं।

सरकार पद्म पुरस्कारों को ‘जनता के पद्म’ में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। इसलिए सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे नामांकन/सिफारिशें करें, इसमें स्व-नामांकन भी शामिल है। महिलाओं, समाज के कमजोर वर्गों, अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों, दिव्‍यांग लोगों तथा समाज की नि:स्‍वार्थ सेवा करने वाले लोगों में से उन प्रतिभावान व्‍यक्तियों की पहचान हेतु मिलकर प्रयास किये जायें, जिनकी उत्‍कृष्‍टता और उपलब्धियां वास्‍तव में सम्‍मान की हकदार हैं।

नामांकन/सिफारिशों में उपर्युक्त पोर्टल पर उपलब्ध प्रारूप में निर्दिष्ट सभी प्रासंगिक विवरण शामिल होने चाहिए, जिनमें अनुसंशित व्‍यक्ति की संबंधित क्षेत्र/विषय में विशिष्‍ट और अनन्‍य उपलब्धियों/सेवाओं का स्‍पष्‍ट उल्‍लेख करने वाला एक व्‍या‍ख्‍यात्‍मक प्रशस्ति-पत्र (अधिकतम 800 शब्‍द) भी हो।

इस संबंध में विस्‍तृत विवरण गृह मंत्रालय की वेबसाइट (https://mha.gov.in) पर ‘पुरस्‍कार और पदक’ शीर्षक के अंतर्गत और पद्म पुरस्‍कार पोर्टल (https://padmaawards.gov.in ) पर उपलब्‍ध हैं। इन पुरस्‍कारों से संबंधित संविधि और नियम वेबसाइट पर उपलब्‍ध लिंक https://padmaawards.gov.in/AboutAwards.aspx पर उपलब्‍ध हैं।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading