मार्च 11, 2026

प्रधानमंत्री की  इंडोनेशिया के बाली में भारतीय समुदाय और फ्रेंड्स ऑफ इंडिया के साथ बातचीत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 नवंबर 2022 को इंडोनेशिया के बाली में प्रवासी भारतीय समुदाय और फ्रेंड्स ऑफ इंडिया के 800 से अधिक सदस्यों को संबोधित किया तथा उनसे बातचीत की। पूरे इंडोनेशिया से लोगों की उत्साही और विविधतापूर्ण भीड़ इकट्ठी हुई थी।

अपने संबोधन के दौरान, प्रधानमंत्री ने भारत और इंडोनेशिया के बीच घनिष्ठ सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने दोनों देशों के बीच चिरस्थायी सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंधों को रेखांकित करने के लिए “बाली जात्रा” की सदियों पुरानी परंपरा का उल्लेख किया। उन्होंने भारत और इंडोनेशिया के बीच विभिन्न क्षेत्रों में समानताओं पर भी प्रकाश डाला।

प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय के सदस्यों द्वारा अपनी अपनाई हुई मातृभूमि के प्रति कड़ी मेहनत और लगन के माध्यम से विदेशों में भारत के कद एवं प्रतिष्ठा को बढ़ाने के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने भारत-इंडोनेशिया संबंधों की सकारात्मक प्रगति और इन संबंधों को मजबूत करने में भारतीय समुदाय के सदस्यों द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में भी बात की।

प्रधानमंत्री ने भारत की विकास गाथा, इसकी उपलब्धियों और भारत द्वारा डिजिटल, वित्त, स्वास्थ्य, दूरसंचार और अंतरिक्ष जैसे विभिन्न क्षेत्रों में हासिल की गई जबरदस्त प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस बात का भी उल्लेख किया कि भारत के विकास संबंधी रोडमैप में विश्व की राजनैतिक एवं आर्थिक आकांक्षाएं शामिल हैं और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण में वैश्विक बेहतरी की भावना का समावेश है।

प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय और फ्रेंड्स ऑफ इंडिया के सदस्यों को अगले प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन और पतंग उत्सव में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन 8 जनवरी से 10 जनवरी, 2023 के दौरान मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित किया जाएगा और पतंग उत्सव बाद में गुजरात में आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading