सितम्बर 22, 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मैसूर पैलेस में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास का नेतृत्व किया

8वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2022 पूरे भारत और विदेशों में उत्साह के साथ मनाया गया
योग पूरी मानवता के लिए है केवल एक व्यक्ति के लिए नहीं – प्रधानमंत्री
योग ने दुनिया को एक साथ लाकर वैश्विक मूल्यों को नया आकार दिया है और विभिन्न स्वास्थ्य प्रणालियों को करीब ला रहा है– सर्बानंद सोनोवाल

आयुष मंत्रालय और कर्नाटक सरकार ने मैसूर पैलेस, मैसूर में आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2022 के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया। प्रधानमंत्री ने 15,000 से अधिक प्रतिभागियों के साथ मैसूर पैलेस में सामूहिक योगाभ्यास का नेतृत्व किया, जिसमें 200 से अधिक विशेष दिव्यांग बच्चे, 100 अनाथ बच्चे, 15 ट्रांसजेंडर, एचआईवी पॉजिटिव लोग और आशा कार्यकर्ता शामिल थे।

कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज एस. बोम्मई, केंद्रीय आयुष, पत्तन, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, आयुष मंत्रालय और कर्नाटक सरकार के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया।

इस अवसर पर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जोर देकर कहा कि इस वर्ष की थीम उपयुक्त रूप से दर्शाती है कि कैसे योग ने कोविड-19 महामारी के दौरान पीड़ा को कम करने में मानवता की सेवा की। आज योग वैश्विक सहयोग का आधार बनता जा रहा है और मानव जाति को स्वस्थ जीवन का एक भरोसा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि हम देखते हैं कि खासकर पिछले दो वर्षों में एक अभूतपूर्व महामारी के दौरान योग घरों से निकल कर पूरे विश्व में फैल गया है और यह आध्यात्मिक अनुभूति की तस्वीर है और यह प्राकृतिक और साझा मानव चेतना की तस्वीर है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज योग से जुड़ी अनंत संभावनाओं को साकार करने का समय है। आज हमारे युवा बड़ी संख्या में योग के क्षेत्र में नए विचारों के साथ आ रहे हैं। आयुष मंत्रालय का स्टार्टअप योग चैलेंज नए विचारों और नवाचारों को एक साथ ला रहा है जो इस पीढ़ी को प्रेरित कर रहा है।

सभा को संबोधित करते हुए, केंद्रीय आयुष, पत्तन, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि यह प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण है कि व्यक्तियों, समुदायों, राष्ट्रों और दुनिया के स्वास्थ्य और कल्याण पर ध्यान केंद्रित करके पूरे विश्व में शांति और सद्भाव लाया जाए। उन्होंने कहा कि योग ने दुनिया को एक साथ लाकर वैश्विक मूल्यों को नया रूप दिया है और विभिन्न स्वास्थ्य प्रणालियों को करीब ला रहा है।

सर्बानंद सोनोवाल ने यह भी कहा कि आयुष मंत्रालय ने स्वास्थ्य और विविधता का जश्न मनाने के उद्देश्य से समाज के विभिन्न वर्गों को शामिल करने के लिए अद्वितीय कार्यक्रम तैयार किए हैं। सोनोवाल ने कहा कि मंत्रालय ने योग के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य और कल्याण में प्रगति सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न पहलें की हैं।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2022 अनेक नई पहलों का साक्षी बना। ‘गार्जियन रिंग’ कार्यक्रम, जो कि 79 देशों और संयुक्त राष्ट्र संगठनों के साथ-साथ विदेशों में भारतीय मिशनों के बीच सहयोगात्मक अभ्यास है और राष्ट्रीय सीमाओं को पार करने वाली योग की एकीकृत शक्ति की कहानी कहता है। आजादी का अमृत महोत्सव को आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के साथ एकीकृत करते हुए, 75 केंद्रीय मंत्रियों के नेतृत्व में देश भर में 75 प्रतिष्ठित स्थानों पर सामूहिक योग प्रदर्शन आयोजित किए गए।

प्रधानमंत्री ने डिजिटल योग प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया, जो योग के इतिहास और ज्ञान को प्रदर्शित करने के लिए वर्चुअल रियलिटी जैसी नवीनतम तकनीकों का प्रदर्शन कर रही है। प्रधानमंत्री ने स्टैटिक आयुष प्रदर्शनी का भी दौरा किया। इस प्रदर्शनी में 146 स्टॉल शामिल हैं, जिसमें कर्नाटक सरकार और भारत सरकार के योग संस्थान, आयुष संस्थान भाग ले रहे हैं।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading