मार्च 15, 2026

राज्यपाल ने ठियोग दिवस पर शुभकामनाएं दीं

नशा मुक्त और समृद्ध हिमाचल का किया आह्वान

ठियोग दिवस के अवसर पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने क्षेत्र के लोगों को शुभकामनाएं दीं। ठियोग में आयोजित समारोह में जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राज्य के विकास में क्षेत्र के लोगों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि ठियोग प्राकृतिक सौन्दर्य के लिए प्रसिद्ध है और यहां के लोग मेहनती और साहसी हैं।
राज्यपाल ने स्वच्छ सर्वेक्षण-2025 में 20,000 से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में हिमाचल प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर ठियोग को बधाई दी। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी और पर्यटन के क्षेत्र में ठियोग की निरंतर प्रगति की सराहना की और यहां के युवाओं में देशभक्ति और देश सेवा की भावना पर प्रकाश डाला।
प्रजामंडल आंदोलन के सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इस अमृतकाल में प्रत्येक नागरिक को देश के निर्माण में सार्थक योगदान देने की आवश्यकता है। उन्होंने जीवन के सभी क्षेत्रों में स्वदेशी अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी ब्रह्मोस मिसाइल के माध्यम से ही भारत ने पाकिस्तान को झुकने पर मजबूर किया और आज दुनिया के देश भारत की ताकत का लोहा मान रहे हैं।
राज्यपाल ने ठियोग के लोगों से नशे के विरूद्ध लड़ाई में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संकल्प की शक्ति से भी क्षेत्र के लोगों ने स्वच्छता में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया और नशे के खिलाफ लड़ाई में भी एकजुटता से जीत हासिल की जा सकती है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने श्याम द्वारा लिखित नशे के प्रति जागरूकता पर पर आधारित गीत भी लॉन्च किया। उन्होंने समाज में उत्कृष्ट योगदान के लिए विशिष्ट जनों को भी सम्मानित किया।
इससे पहले, विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने राज्यपाल का स्वागत किया और प्रजामंडल आंदोलन को याद करते हुए कहा कि इस आन्दोलन ने शासक को सत्ता जनता को सौंपने के लिए मजबूर किया था। इसके परिणामस्वरूप ठियोग दिवस मनाने की परंपरा शुरू हुई। उन्होंने क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक पहलों पर भी प्रकाश डाला और राज्यपाल के नशा विरोधी अभियान की सराहना की।
नगर परिषद ठियोग के अध्यक्ष अनिल ग्रोवर ने समारोह के ऐतिहासिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा उपाध्यक्ष नीतू मेहता ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। स्थानीय कलाकारों द्वारा चोलटू नृत्य और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर राज्य वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन नेगी, उपमण्डलाधिकारी ठियोग शशांक गुप्ता और अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading