जून 21, 2026

मेरा युवा भारत (माई भारत) प्लेटफॉर्म ने तिरंगा प्रश्नोत्तरी की घोषणा की; इसका उद्देश्य देशभक्ति को प्रोत्साहन देना और तिरंगे के बारे में जागरूकता बढ़ाना है

प्रश्नोत्तरी विजेताओं को केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री के साथ सियाचिन जाने का अवसर प्राप्त होगा

देशभक्ति को प्रोत्साहन देने और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के संबंध में जागरूकता बढ़ाने के लिए एक अनूठी पहल के अंतर्गत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में, मेरा युवा भारत (माई भारत) ने एक राष्ट्रव्यापी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता की घोषणा की है। माई भारत पोर्टल (mybharat.gov.in) पर आयोजित यह ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी सभी नागरिकों को भाग लेने और तिरंगे के संबंध में अपने ज्ञान का परीक्षण करने के लिए आमंत्रित करती है।

यह प्रश्नोत्तरी सभी प्रतिभागियों के लिए एक रोचक और शैक्षिक अनुभव होगा। इसमें बहुविकल्पीय प्रश्न (एमसीक्यू होंगे, जिनमें प्रत्येक प्रश्न के चार विकल्प होंगे और केवल एक ही सही उत्तर होगा। भागीदारी के सम्मान में, सभी प्रतिभागियों को एक ई-प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।

एक भव्य प्रोत्साहन के रूप में, शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले पच्चीस प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया के साथ सियाचिन का दौरा करने का उल्लेखनीय अवसर मिलेगा।

यद्यपि यह प्रश्नोत्तरी माई भारत पोर्टल पर सभी पंजीकृत उपयोगकर्ताओं के लिए खुली है, फिर भी सियाचिन यात्रा के लिए विजेताओं का चयन 21 से 29 वर्ष की आयु के युवाओं तक ही सीमित रहेगा। पच्चीस विजेताओं का अंतिम चयन शीर्ष स्कोररों में से कंप्यूटर आधारित लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।

प्रश्नोत्तरी में भाग लेने के लिए कोई प्रवेश शुल्क नहीं है। पुरस्कार पाने के पात्र होने के लिए प्रतिभागियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि माई भारत पोर्टल पर उनकी प्रोफ़ाइल सही और अद्यतित हो।

मेरा युवा भारत (https://mybharat.gov.in/) को युवाओं के लिए एक वन-स्टॉप सेवा मंच के रूप में परिकल्पित किया गया है। यह मंच युवाओं के लिए प्रोफ़ाइल बनाने, विभिन्न स्वयंसेवी और शिक्षण गतिविधियों में उनकी भागीदारी, विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त करने, अन्य युवाओं से जुड़ने आदि में सक्षम बनाता है। इस मंच पर अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रमों (ईएलपी) सहित कई सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। यह पोर्टल अन्य मंत्रालयों, संगठनों, उद्योगों, युवा क्लबों आदि को विभिन्न सहभागिता कार्यक्रमों के संचालन के लिए वेब स्पेस भी प्रदान करता है। मंच पर 1.76 करोड़ से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है।

Leave a Reply

हो सकता है आप चूक गए हों

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading