मार्च 11, 2026

साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया की पाँच-दिवसीय यात्रा पर रवाना हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया की पाँच-दिवसीय यात्रा पर रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा है कि तीन देशों, साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया की, उनकी यात्रा से उन्‍हें सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को इन देशों के पूरजोर समर्थन के लिए आभार व्‍यक्‍त करने का अवसर मिलेगा। उन्‍होंने कहा कि इस यात्रा से आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों से निपटने में विश्‍व के प्रयासों को एकजुट करने में भी मदद मिलेगी।

आज सुबह साइप्रस के लिए रवाना होने से पहले अपने प्रस्थान वक्तव्य में उन्होंने कहा कि यह यात्रा ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत करने और व्यापार, निवेश, सुरक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में हमारे संबंधों का विस्‍तार करने तथा लोगों के बीच आदान-प्रदान को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि साइप्रस भूमध्यसागर क्षेत्र और यूरोपीय संघ का एक करीबी मित्र और महत्वपूर्ण भागीदार है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कनाडा में जी 7 शिखर सम्मेलन वैश्विक मुद्दों और ग्‍लोबल साउथ की प्राथमिकताओं पर विचारों के आदान-प्रदान के लिए जगह प्रदान करेगा। श्री मोदी ने कहा कि भारत और क्रोएशिया के बीच सदियों पुराने घनिष्ठ सांस्कृतिक संबंध हैं। उन्होंने कहा कि क्रोएशिया की उनकी यात्रा आपसी हित के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग के लिए नए रास्ते खोलेगी।
साइप्रस यात्रा के दौरान श्री मोदी साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच व्यापार और निवेश, शिक्षा, समुद्री सहयोग, डिजिटल संपर्क और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर व्यापक चर्चा होने की उम्मीद है।

आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए साइप्रस में भारतीय उच्चायुक्त मनीष ने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा से द्विपक्षीय संबंधों में एक नया आयाम जुड़ेगा। उन्होंने कहा कि साइप्रस के पास 2035 के लिए एक राष्ट्रीय लक्ष्‍य है, जबकि भारत के पास विकसित भारत 2047 का लक्ष्‍य है।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मजबूत तालमेल है। उन्‍होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों नेता सहयोग बढ़ाने और उसमें विविधता लाने की रूपरेखा तैयार करेंगे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading