मार्च 18, 2026

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंन्‍स के माध्‍यम से नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि पिछले डेढ़ वर्ष में देश के लगभग 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्‍ध करायी गई है। उन्‍होंने आज वीडियो कांफ्रेंन्‍स के माध्‍यम से 71 हजार से अधिक नवनियुक्‍त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्ष से देश के विभिन्‍न मंत्रालयों, विभागों और संस्थाओं में सरकारी नौकरी उपलब्‍ध कराने का अभियान चलाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को सशक्‍त बना रहे हैं और उनकी संभावनाओं के द्वार खोल रहे हैं। मोदी ने कहा कि देश के युवाओं की क्षमता और प्रतिभा का पूरा उपयोग करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्‍होंने कहा कि सरकार की नीतियों और निर्णयों के कारण ग्रामीण भारत में रोजगार और स्‍वरोजगार के नए अवसर निर्मित किए जा रहे हैं। मोदी ने कहा कि भारत ने 2047 तक विकसित राष्‍ट्र बनने का संकल्‍प लिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने मेक इन इंडिया, आत्‍मनिर्भर भारत अभियान, स्‍टार्टअप इंडिया, स्‍टैंडअप इंडिया, डिजिटल इंडिया जैसी अनेक योजनाएं शुरू की हैं और प्रत्‍येक योजना के केंद्र में युवा ही रहा है। मोदी ने कहा कि भारत ने अंतरिक्ष क्षेत्र में अपनी नीतियों में बदलाव किया है। भारत में रक्षा क्षेत्र में विनिर्माण को प्रोत्‍साहन दिया गया है और देश के युवाओं को इससे सबसे अधिक लाभ हुआ है। मोदी ने कहा कि आज भारत मोबाइल विनिर्माण के क्षेत्र में विश्‍व का दूसरा सबसे बड़ा देश बन गया है। भारत में विश्‍व का तीसरा सबसे बड़ा स्‍टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र है।

इस अवसर पर कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग के राज्‍य मंत्री डॉक्‍टर जितेन्‍द्र सिंह ने कहा कि 71 हजार में से लगभग 50 हजार नियुक्तियां अर्द्ध सैनिक बलों में की गई हैं। उन्‍होंने कहा कि कुल नियुक्तियों में से लगभग 21 हजार नियुक्ति पत्र अन्‍य पिछड़ा वर्ग के लोगों को वितरित किए गए हैं।

रोजगार मेला देश के 45 स्‍थानों पर आयोजित किया गया। नवनियुक्‍त कर्मी गृह मंत्रालय, डाक विभाग, उच्‍च शिक्षा, स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण, वित्‍तीय सेवाएं तथा अन्‍य मंत्रालयों और विभागों में शामिल होंगे। रोजगार मेला युवाओं के लिए रोजगार सृजन की सर्वोच्‍च प्राथमिकता के लिए प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में महत्‍वपूर्ण कदम है।

रोजगार मेले की शुरुआत अक्टूबर 2022 में हुई थी। अब तक 50 शहरों में राष्‍ट्रीय स्‍तर पर ऐसे 13 रोजगार मेले आयोजित किए जा चुके हैं।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading