मार्च 10, 2026

ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित बनाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध – अनिरूद्ध सिंह

प्रदेश में पंचायतों घरों के निर्माण के लिए व्यय होंगे 47 करोड़ रुपए

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरूद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित बनाने के लिए कार्य कर रही है। अनिरूद्ध सिंह आज नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत रेडू उपरला, रिया, पंजैहरा तथा बाह में लगभग 1.35 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण तथा आधारशिला रखने के उपरांत जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।

अनिरूद्ध सिंह ने नालागढ़ उपमण्डल की ग्राम पंचायत रेडू उपरला में 33 लाख रुपए की लागत से निर्मित, ग्राम पंचायत रिया में 33 लाख रुपए की लागत से निर्मित तथा ग्राम पंचायत बाह में 33 लाख रुपए की लागत से निर्मित पंचायत घरों का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत पंजैहरा में 35 लाख रुपए से निर्मित होने वाले मैरिज हॉल की आधारशिला भी रखी।
ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने में इस विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 में ग्रामीण क्षेत्रों में 1000 स्वयं सहायता समूह गठित करने का लक्ष्य रखा गया है। इन समूहों को लगभग 32 करोड़ रुपए की राशि सामुदायिक निवेश एवं रिवॉलविंग निधि के रूप में तथा 50 करोड़ रुपए ऋण के रूप में देना का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ-साथ स्वच्छता पर विशेष ध्यान दे रही है। इस वित्त वर्ष में 5000 अतिरिक्त गांव को खुले में शौच मुक्त घोषित करने का लक्ष्य है।
अनिरूद्ध सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा अब पंचायत घरों के निर्माण के लिए 1.14 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की जा रही है। पंचायत घरों का बहुआयामी उपयोग के लिए सरकार यथासम्भव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में पंचायत घरों के निर्माण के लिए 33 लाख रुपए ही स्वीकृत किए जाते थे। यह राशि वर्तमान आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में इस वित्त वर्ष में पंचायतों घरों के निर्माण के लिए 47 करोड़ रुपए की राशि व्यय की जाएगी।
उन्होंने ग्राम पंचायत रेडू उपरला में खेल मैदान के लिए 15 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को ग्राम पंचायत रेडू उपरला के नव निर्मित पंचायत घर में बैठक कक्ष निर्माण के लिए औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत रिया, रेडू उपरला व बाह के नवनिर्मित पंचायत भवन के उपर बैठक कक्ष बनाने के लिए 15-15 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि शीघ्र उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।
उन्होंने नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में जर्जर हालत में पंचायत घरों की सूची उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी और सम्बन्धित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने कहा कि नालागढ़ को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना उनकी प्राथमिकता है और लोगों की मांग अनुसार नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके लिए विधायक बनकर आम लोगों की आवश्यकताओं को पूरा करना सर्वप्रथम है। उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाया कि क्षेत्र में विकास सुनिश्चित बनाने के लिए कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
इस अवसर पर खण्ड कांग्रेस समिति नालागढ़ के अध्यक्ष हुसन चंद, ग्राम पंचायत रेडू उपरला की प्रधान राज कुमारी, ग्राम पंचायत पंजैहरा के प्रधान राजेन्द्र कुमार, ग्राम पंचायत रिया की प्रधान अनीता देवी, ग्राम पंचायत बाह की प्रधान रिशमा देवी, ग्राम पंचायत बघेरी के प्रधान बलदेव सिंह, ग्राम पंचायत रेडू उपरला उप-प्रधान मंगल सिंह, ग्राम पंचायत पंजैहरा के उप-प्रधान कृष्ण गोपाल, ग्राम पंचायत रिया के उप-प्रधान लखविन्द्र सिंह, ग्राम पंचायत बाह के उप-प्रधान हीरा लाल, ट्रक यूनियन नालागढ़ के पूर्व प्रधान चौधरी विद्या रतन, बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोनाक्षी सिंह तोमर, उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल, पुलिस उपाधीक्षक नालागढ़ खजाना राम, पंचायत राज विभाग शिमला के अधिशाषी अभियंता राजेश चंदेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति व स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading