अप्रैल 25, 2026

आजादी का अमृत महोत्सव पर भारत सरकार, राज्य सरकारों और केंद्रशासित प्रदेशों के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रियों का सम्मेलन – “अमृत समागम” 12 और 13 अप्रैल, 2022 को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा

मुख्य बातें:

• गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।

• केंद्रीय संस्कृति, पर्यटन एवं उत्तर-पूर्व क्षेत्र विकास मंत्री जी. किशन रेड्डी, संसदीय कार्य एवं संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी और पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट भी अमृत समागम के विभिन्न कार्यक्रमों और सत्रों में भाग लेंगे।

• चर्चा के विषयों में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत ऐतिहासिक पहल – ‘हर घर झंडा’, ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’, ‘डिजिटल जिला भंडार’, ‘स्वतंत्र स्वर’ और ‘मेरा गांव मेरी धरोहर’ के संदर्भ में लोगों की व्यापक भागीदारी (जन भागीधारी) शामिल हैं।

आज़ादी का अमृत महोत्सव लॉन्च होने के बाद से हाल ही में अपना पहला साल पूरा कर चुका है। इसे ध्यान में रखते हुए, भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय ने आजादी का अमृत महोत्सव (एकेएएम) की अब तक की प्रगति पर विचार-विमर्श करने, सर्वोत्तम तौर तरीकों का चयन करने और विशेष रुप से आगामी महत्वपूर्ण पहलुओं को लेकर महोत्सव की शेष अवधि के लिए रणनीतियों को अपनाए जाने के बारे में चर्चा करने के लिए नई दिल्ली में 12 और 13 अप्रैल, 2022 को दो-दिवसीय सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है।

गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। केंद्रीय संस्कृति, पर्यटन और उत्तर-पूर्व क्षेत्र विकास मंत्री जी. किशन रेड्डी उद्घाटन भाषण देंगे। संसदीय कार्य एवं संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, विदेश और संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी और अजय भट्ट विभिन्न क्षेत्रों में उद्घाटन भाषण देंगे।

आजादी का अमृत महोत्सव की सफलता मुख्य रूप से “संपूर्ण सरकार” के दृष्टिकोण पर निर्भर है, जो इस अभियान में विदेशों के समकक्षों के साथ-साथ प्रत्येक मंत्रालय, राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की भागीदारी सुनिश्चित करता है। इस पर्याप्त पैमाने और हितधारकों की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए, सम्मेलन में प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश के वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भाग लेंगे। प्रत्येक राज्य/केंद्रशासित प्रदेश के पर्यटन मंत्री, संस्कृति मंत्री, मुख्य सचिव, संस्कृति मंत्रालय के प्रधान सचिव और पर्यटन मंत्रालय के प्रधान सचिव इस सम्मेलन में भाग लेंगे।

चर्चा के विषयों में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत ऐतिहासिक पहल – ‘हर घर झंडा’, ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’, ‘डिजिटल जिला भंडार’, ‘स्वतंत्र स्वर’ और ‘मेरा गांव मेरी धरोहर’ के संदर्भ में लोगों की व्यापक भागीदारी (जन भागीधारी) शामिल हैं। आजादी का अमृत महोत्सव अभियान में इसके महत्वपूर्ण योगदान पर ध्यान केंद्रित करते हुए पर्यटन मंत्रालय द्वारा इसका एक सत्र भी आयोजित किया जाएगा। इसमें राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के तहत उनके द्वारा की गई उल्लेखनीय प्रगति पर एक विचार-मंथन सत्र भी होगा, साथ ही अब तक सीखे गए सर्वोत्तम तौर-तरीकों एवं सबक तथा उनकी प्रगति के बारे में विचार-विमर्श किया जाएगा।

आजादी का अमृत महोत्सव केंद्र और राज्य सरकारों की एक प्रमुख पहल है, जिसे भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में शुरू किया गया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े देशभक्ति के उत्साह को फिर से जागृत करना और नवीनीकृत करना, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करना और इंडिया@2047 के लिए एक विजन तैयार करना है।

Leave a Reply

हो सकता है आप चूक गए हों

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading