मार्च 8, 2026

झाड़माजरी स्थित कम्पनी में राहत एवं बचाव कार्य जारी

सोलन ज़िला के नालागढ़ उपमण्डल के बद्दी के झाड़माजरी स्थित एन.आर. एरोमा कम्पनी में कार्यान्वित किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्य के दौरान एन.डी.आर.एफ द्वारा कम्पनी प्रागंण से आज चार शव निकाले गए। पोस्टमार्टम के लिए इन चार शवों को नागरिक अस्पताल नालागढ़ भेजा गया है। यह जानकारी आज झाड़माजरी में ज़िलाधीश सोलन मनमोहन शर्मा ने दी।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि इस दुःखद घटना में अभी तक पांच व्यक्तियों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि एक महिला की गत सांय मृत्यु हुई थी जबकि आज राहत एवं बचाव कार्य के दौरान कम्पनी प्रागंण से चार शव निकाले गए हैं।
ज़िलाधीश ने कहा कि अभी तक प्राप्त सूचना के अनुसार इस दुःखद घटना में 08 व्यक्तियों की जानकारी प्राप्त नहीं हुई थी। इनमें से 04 के शव कम्पनी प्रागंण में पाए गए हैं, अन्य की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि एन.डी.आर.एफ और एस.डी.आर.एफ द्वारा गत रात्रि से ही राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। आज प्रातः एन.डी.आर.एफ और एस.डी.आर.एफ की टीम ने कम्पनी के भीतर राहत एवं बचाव कार्य आरम्भ किया। यह कार्य सभी व्यक्तियों की जानकारी मिलने तक जारी रहेगा।

मनमोहन शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इस दुःखद घटना कि जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सोलन के अतिरिक्त उपायुक्त अजय यादव इस दुर्घटना की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपचारधीन घायलों को फौरी राहत राशि प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि गत दिवस दुःखद घटना में मृत्यु को प्राप्त महिला के परिजनों को भी राहत राशि प्रदान की जा रही है।
मनमोहन शर्मा ने इस अवसर पर कम्पनी के बाहर एकत्र कामगारों के परिजनों से बातचीत की और उन्हें इस दुःखद घड़ी में हर सम्भव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कामगारों के परिजनों को वाहन के माध्यम से नागरिक अस्पताल नालागढ़ भी भिजवाया ताकि प्राप्त शवों की पहचान की जा सके। उन्होंने तहसीलदार नालागढ़ और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि नागरिक अस्पताल नालागढ़ में इन परिजनों की समुचित सहायता दी जाए ताकि शवों की पहचान शीघ्र की जा सके।
ज़िलाधीश ने कहा कि ज़िला प्रशासन सभी घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित बना रहा है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि इस कम्पनी में कार्य करने वाले ऐसे व्यक्तियों जिनकी कोई सूचना उपलब्ध नहीं हो रही है कि जानकारी उनके पास है तो ज़िला आपातकालीन केन्द्र सोलन के दूरभाष नम्बर 01792-220048, 220049, 220882 अथवा 221200 या ज़िला आपदा प्रबंधन प्राधिकारण के समन्वयक के मोबाईल नम्बर 62303-76825 पर सूचित करें।

झाड़माजरी स्थित कम्पनी की दुर्घटना में अभी 04 व्यक्तियों की जानकारी प्राप्त होना शेष

नालागढ़ उपमण्डल के बद्दी के झाड़माजरी स्थित एन.आर. एरोमा में हुई दुःखद घटना में अभी तक प्राप्त सूचना के अनुसार 04 व्यक्तियों की जानकारी नहीं मिली है। इन व्यक्तियों की जानकारी एकत्र की जा रही है। यह जानकारी आज यहां सरकारी प्रवक्ता ने दी।
उन्होंने कहा कि आज पहले 13 व्यक्तियों की जानकारी न मिलने की सूचना थी, लेकिन इनमें से 05 व्यक्ति जांच के उपरांत सकुशल पाए गए हैं। शेष 08 व्यक्तियों में से कम्पनी प्रागंण से 04 व्यक्तियों के शव निकाले गए हैं। अन्य 04 व्यक्तियों के विषय में जानकारी एकत्र की जा रही है।
उन्होंने सभी से आग्रह किया है कि इस सम्बन्ध में कोई जानकारी के लिए ज़िला आपातकालीन केन्द्र सोलन के दूरभाष नम्बर 01792-220048, 220049, 220882 अथवा 221200 या ज़िला आपदा प्रबंधन प्राधिकारण के समन्वयक के मोबाईल नम्बर 62303-76825 पर सूचित करें।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading