मार्च 8, 2026

उभरती जरूरतों के अनुरूप खुद को ढालें और राष्ट्र के विकास हेतु रचनात्मकता, ईमानदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ हर चुनौती से निपटें: रक्षा मंत्री ने 2023 बैच के भारतीय रक्षा संपदा सेवा के अधिकारियों से कहा

भारतीय रक्षा संपदा सेवा (आईडीईएस) 2023 बैच के दस प्रशिक्षु अधिकारियों ने 29 दिसंबर, 2023 को नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इन अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए, राजनाथ सिंह ने नए एवं उभरते भारतके स्वरूप को आकार देने में युवा सिविल सेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने भावी भूमि प्रशासकों से अपने कौशल को लगातार निखारते रहने और आधुनिक युग की उभरती जरूरतों के अनुरूप ढलने का आह्वान किया।

रक्षा मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि जीवन के सभी क्षेत्रों में बेदाग ईमानदारी अधिकारियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण शर्त है। उन्होंने लोगों को सेवाओं की सुव्यवस्थित आपूर्ति के क्रम में इस पहलू के सकारात्मक प्रभाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसी भी सिविल सेवक के करियर पर कोई दाग नहीं लगना चाहिए।

आजीवन सीखने के महत्व पर जोर देते हुए, राजनाथ सिंह ने प्रशिक्षु अधिकारियों से अपने ज्ञान और दक्षताओं को परिष्कृत करते रहने का आग्रह किया। उन्होंने उन्हें राष्ट्र के विकास हेतु रचनात्मकता, ईमानदारी और अटूट प्रतिबद्धता के साथ हर चुनौती का सामना करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने लोक सेवकों की सफलता में ‘टीम वर्क’ के गुण का भी समर्थन किया। उन्होंने नवोदित अधिकारियों से अपनी टीम में आत्मविश्वास, प्रेरणा एवं ऊर्जा भरने और मिसाल पेश करते हुए नेतृत्व करने का आह्वान किया।

रक्षा मंत्री ने अधिकारियों से लोगों के प्रति विनम्रता एवं सम्मान का भाव रखने का आग्रह किया और कहा कि ‘जनसंपर्क’ एक महत्वपूर्ण गुण है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक प्रशासन के मामलों से निपटते समय व्यक्ति को अपने अहम को दूर रखना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading