मार्च 9, 2026

काकरापार परमाणु ऊर्जा परियोजना यूनिट-4 ने पहली बार नियंत्रित विखंडन प्रतिक्रिया का शुभारंभ कर महत्‍वपूर्ण सफलता हासिल की, भविष्‍य में कई प्रयोग होंगे

काकरापार परमाणु ऊर्जा परियोजना (केएपीपी 4-700 मेगावाट) की यूनिट-4 ने 17 दिसंबर, 2023 (रविवार) को 01:17 बजे पहली बार नियंत्रित विखंडन श्रृंखला प्रतिक्रिया का शुभारंभ कर महत्‍वपूर्ण सफलता हासिल की। परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड (एईआरबी) की सभी शर्तों को पूरा करने के बाद ये उपलब्धि हासिल की है। केएपीपी-4 देश में स्थापित किए जा रहे 700 मेगावाट के 16 स्वदेशी दबावयुक्त भारी जल रिएक्टरों (पीएचडब्ल्यूआर) की श्रृंखला में दूसरा है। संयंत्र प्रणालियों की सुरक्षा की कठोर समीक्षा के बाद इसे स्‍वीकृति दी गई थी।

पहली नियंत्रित विखंडन श्रृंखला प्रतिक्रिया के बाद, केएपीपी-4 में कई प्रयोग/परीक्षण किए जाएंगे और परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड (एईआरबी) की स्‍वीकृति के अनुरूप, बिजली स्तर को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा। यह अंततः पूर्ण शक्ति के साथ यूनिट के संचालन करेगा।

केएपीपी-3 और 4 (2×700 मेगावाट) गुजरात के सूरत जिले के काकरापार में स्थित हैं। य‍ह मौजूदा रिएक्टर केएपीएस 1 और 2 (2×220 मेगावाट) के निकट हैं। ये स्वदेशी दबावयुक्त भारी जल रिएक्टर (पीएचडब्‍ल्‍यूआर) उन्नत सुरक्षा सुविधाओं से पूर्ण हैं और ये विश्‍व के सर्वाधिक सुरक्षित रिएक्टरों की श्रणी में आते हैं। इन रिएक्टरों का डिजाइन, निर्माण और संचालन न्‍यूक्लियर पॉवर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनपीसीआईएल) ने किया है। उपकरणों की आपूर्ति और अनुबंधों का निष्पादन भारतीय उद्योगों/ कंपनियों द्वारा किया गया है। इस प्रकार यह आत्मनिर्भर भारत की भावना का वास्‍तविक प्रतिबिंब है।

इस कार्यक्रम में एनपीसीआईएल के मुख्य प्रबंध निदेशक बी.सी.पाठक और टीम के अन्‍य सदस्‍य भी स्टेशन के नियंत्रण कक्ष में उपस्थित थे। एनपीसीआईएल मुख्यालय के अधिकारियों ने वीडियो लिंक के माध्यम से इस कार्यक्रम को देखा। कार्यक्रम के बाद साइट और मुख्यालय में अधिकारियों को संबोधित करते हुए, एनपीसीआईएल के मुख्य प्रबंध निदेशक ने न्‍यूक्लियर पॉवर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के सभी कर्मचारियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यूनिट-3 के वाणिज्यिक संचालन के छह महीने के अन्‍तराल में केएपीपी-4 की क्रिटिकलिटी हासिल करना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि थी। केएपीपी-3 के सुचारू संचालन के साथ, इसने परमाणु ऊर्जा के सभी पहलुओं में न्‍यूक्लियर पॉवर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनपीसीआईएल) की क्षमता का प्रदर्शन किया।

न्‍यूक्लियर पॉवर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड वर्तमान में 7480 मेगावाट की कुल क्षमता वाले 23 रिएक्टरों का संचालन करता है। 7500 मेगावाट की क्षमता वाली नौ इकाइयां (केएपीपी-4 सहित) निर्माणाधीन हैं। इसके अतिरिक्‍त, 7000 मेगावाट की कुल क्षमता वाले 10 और रिएक्टर पूर्व-परियोजना गतिविधियों में हैं। इनके 2031-32 तक पूरा होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading