मार्च 18, 2026

राष्ट्रीय रक्षा अकादमी द्वारा अपनी स्थापना के 75 गौरवशाली वर्षों के उत्सव को मनाने के लिए भारत के चार कोनों में पदयात्रा का आयोजन

पदयात्रा भारत के सबसे पूर्वी और सबसे दक्षिणी कोने तक 01 से 09 दिसंबर तक आयोजित की जा रही है

राष्ट्रीय रक्षा अकादमी द्वारा अपनी स्थापना के 75 गौरवशाली वर्षों के उत्सव को मनाने के लिए भारत के चार कोनों में पदयात्रा का आयोजन किया गया है। अकादमी के कैडेट और कर्मचारी वर्तमान में भारत के पूर्वी तथा दक्षिणी हिस्सों से संचालित पद यात्रा में भाग ले रहे हैं।

राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के 10 कैडेटों और 03 प्रशिक्षकों की एक टीम द्वारा इंदिरा पॉइंट (भारत के सबसे दक्षिणी हिस्से) की ओर पदयात्रा 01 दिसंबर 2023 को शुरू हुई थी और यह 09 दिसंबर 2023 को संपन्न होगी। इस पदयात्रा के दौरान टीम ने इंदिरा प्वाइंट, सेलुलर जेल, अबेरदीन बाजार, पीवीसी मेमोरियल तथा सुनामी मेमोरियल सहित अंडमान और निकोबार द्वीप में ऐतिहासिक महत्व के विभिन्न स्थलों का दौरा किया।

राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के 10 कैडेटों और 03 प्रशिक्षकों की एक अन्य टीम ने 01 दिसंबर 23 को किबिथु (भारत से सबसे पूर्वी कोने) की तरफ पदयात्रा शुरू की थी और वे इसे 10 दिसंबर 2023 को समाप्त करेंगे। पदयात्रा के दौरान, इस टीम ने किबिथू के आसपास ऐतिहासिक महत्व के स्थानों का दौरा किया, जिनमें वालोंग युद्ध स्मारक, वाचा बॉर्डर मीटिंग पॉइंट और डिचू व्यू पॉइंट शामिल हैं। 04 दिसंबर 2023 को टीम ने किबिथू गांव का भ्रमण किया और स्थानीय लोगों के साथ बातचीत भी की।

इन दोनों टीमों ने रास्ते में पड़ने वाले स्कूलों का भी दौरा किया और विद्यार्थियों से विचार-विमर्श किया। इस दौरान विद्यार्थियों को सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए प्रेरित व प्रोत्साहित भी किया गया। इन पदयात्राओं में भाग लेने वाले एनडीए कैडेटों को भारत के सुदूर कोनों का दौरा करने और इसके आसपास के सैन्य प्रतिष्ठानों में स्थानीय स्थितियों का वास्तविक अनुभव प्राप्त करने का अवसर भी मिला है।

इससे पहले जून, 2023 में भारत के सबसे उत्तरी तथा पश्चिमी कोनों तक पदयात्रा की गई। कमांडेंट, एनडीए वाइस एडमिरल अजय कोचर ने सभी टीमों को बधाई दी।

ये पदयात्राएं राष्ट्र निर्माण और सीमाओं की सुरक्षा में सशस्त्र बलों की भूमिका को प्रदर्शित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देंगी। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के 75 गौरवशाली वर्षों के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहे समारोह एवं गतिविधियां 16 जनवरी 2024 को समाप्त होंगी।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading