मार्च 9, 2026

राज्यपाल ने भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए

निश्चय परियोजना के तहत नशे के विरूद्ध अभियान में स्काउट्स के प्रयासों की सराहना की

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज राज भवन में भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स के स्थापना दिवस और राज्य स्तरीय राज्य पुरस्कार समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल भी उनके साथ उपस्थित थीं।
इस अवसर पर राज्यपाल ने वर्ष 2023 के लिए उत्कृष्ट कार्यों के लिए 42 स्काउट्स एण्ड गाइड्स एण्ड रेंजर्स को सम्मानित किया। उन्होंने प्रदेश के 222 से अधिक मेधावी स्काउट्स एण्ड गाइड्स तथा रोवर, रेंजर्स को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए। उन्होंने भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स हिमाचल प्रदेश के संरक्षक के नाते सभी स्वयंसेवकों को बधाई भी दी।

उन्होंने कहा कि स्काउटिंग नई अवधारणा नहीं है अपितु यह पिछले 100 से अधिक वर्षों से समाज एवं समुदाय के उत्थान और बेहतर व्यक्तित्व निर्माण के लिए प्रतिबद्ध विचारधारा है। स्काउटिंग से जुडकर विश्व के करोड़ों युवा सम्बंधित सेवा क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संस्था एवं विचारधारा की सदस्यता गर्व का विषय है और वैश्विक पटल पर 200 से अधिक राष्ट्रों द्वारा अपने दैनिक तथा व्यावहारिक जीवन में इसे अपनाया गया है। यह एक ऐसी संस्था है विश्व भर में जिसके 5 करोड़ स्वयंसेवी सामाजिक सरोकारों एवं निःस्वार्थ सेवा कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स वर्तमान युग में युवाओं के लिए मील पत्थर साबित हो रहा है। इसके माध्यम से लाखों युवाओं ने अपना शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक, आध्यात्मिक और आर्थिक विकास किया है। यह संस्था भेदभाव से परे सभी स्वयंसेवकों के लिए समान अवसरों का सृजन करती है।
राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में नशा निवारण और नशे के समूल नाश के लिए युवाओं को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स हिमाचल प्रदेश द्वारा नशे की कुरीति को समाप्त करने के लिए अभिनव अभियान निश्चय आरम्भ किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश के सभी भागों में लोगों को इस कुरीति के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है, ताकि इस कुरीति को समूल नाश किया जा सके। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस अभियान से बड़ी संख्या में लोग जुड़ कर नशे जैसी बुराई पर जीत हासिल करने के लिए अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से एक और अभियान की शुरूआत की जा रही है और नशे के विरूद्ध लड़ाई में गांव तथा पंचायत स्तर पर युवाओं के साथ-साथ जन प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने नशे के विरूद्ध प्रदेश पुलिस के प्रयासों, विभिन्न जागरूकता अभियानों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज से नशे के समूल नाश के लिए सभी वर्गों के लोगों को एकजुट होने की आवश्यकता है।
निदेशक, उच्च शिक्षा अमरजीत शर्मा ने भारत स्काउट्स एण्ड गाईड्स की विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा, भारत स्काउट्स एण्ड गाईड्स के एडल्ट रिसोर्सिज़ की राज्य आयुक्त अंजू शर्मा, उप-निदेशक उच्च शिक्षा लेख राज शर्मा और अन्य गणमान्य इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading