अप्रैल 26, 2026

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और अनुराग सिंह ठाकुर चौथे एशियाई पैरा खेलों में भाग लेने वाले एथलीटों के विदाई समारोह में सम्मिलित हुए

इंडियन ऑयल चौथे एशियाई पैरा खेलों में भाग लेने वाले पैरा एथलीटों की मदद कर रहा है

भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड चीन के हांगचोओ में 22 से 28 अक्टूबर 2023 तक आयोजित होने वाले चौथे एशियाई पैरा खेलों के लिए 196 पुरुष और 113 महिला एथलीटों सहित 309 एथलीटों के दल को सशक्त बनाने और प्रोत्साहित करने के लिए एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं। विदाई समारोह में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस तथा आवासन और शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी, युवा कार्यक्रम और खेल तथा सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीकांत माधव वैद्य और भारतीय पैरालंपिक समिति के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

इस अवसर पर, एशियाई पैरा खेलों के लिए भारतीय दल के ध्वजवाहकों द्वारा गणमान्य व्यक्तियों को यादगार जर्सियां भेंट की गईं।

हरदीप सिंह पुरी ने अपने संबोधन में भारत के पैरा-एथलीटों के लिए अपना जोरदार समर्थन व्यक्त किया। पुरी ने कहा, “196 पुरुषों और 113 महिलाओं सहित 309 एथलीटों का यह दल हमारे पैरा-स्पोर्ट्स खिलाड़ियों की उत्कृष्ट भावना का एक प्रमाण है। उनके दृढ़ संकल्प, जुनून और प्रतिभा की कोई हद नहीं है। जैसे ही वे इस स्मरणीय यात्रा पर निकलते हैं, वे अपने साथ एक राष्ट्र की आकांक्षाएं लेकर चलते हैं। यह विदाई समारोह हमारी भावनाओं को व्यक्त करने का तरीका है कि हम आप पर विश्वास करते हैं और हमें विश्वास है कि आप ऐसा करेंगे और चौथे एशियाई पैरा खेलों में इतिहास रचेंगे।”

अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रशंसा करते हुए कहा, “ये एथलीट खेल कौशल और समर्पण के सच्चे उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। उनकी यात्रा सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जो इस बात पर प्रकाश डालती है कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत के साथ, कोई भी कुछ भी हासिल कर सकता है। एक सरकार के रूप में, हम उनके साथ मजबूती से खड़े हैं और उनके द्वारा भारत को गौरवान्वित करने के प्रति हम उत्साहित हैं।”

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीयुत श्रीकांत माधव वैद्य ने असाधारण प्रतिभा को लेकर कंपनी की प्रतिबद्धता के बारे में बात की। वैद्य ने कहा, “इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन को खेलों में समावेशिता  का नेतृत्व करने, भारत के पैरा-एथलीटों को चैंपियन बनाने और उनकी यात्रा का समर्थन करने पर गर्व है जो दृढ़ संकल्प और मानवीय सहनशक्ति का प्रमाण है। इंडियन ऑयल के लिए, इन असाधारण प्रतिभा वाले एथलीटों का समर्थन करना ‘राष्ट्र-प्रथम’ के हमारे मूल्य के अनुरूप है।”

भारत पहली बार एक उल्लेखनीय उपलब्धि के अंतर्गत पांच खेलों- कैनो, ब्लाइंड फुटबॉल, लॉन बाउल्स, रोइंग और तायक्वोंडो सहित कुल सत्रह खेल स्पर्धाओं में भाग लेगा। विदाई समारोह के माध्यम से इन एथलीटों का उत्सव मनाया गया और उन्हें प्रोत्साहन और दृढ़ संकल्प से प्रेरित किया गया क्योंकि वे इतिहास में अपना नाम दर्ज कराने के लिए तैयार हैं।

भारत की पैरालंपिक समिति की अध्यक्ष और स्वयं एशियाई खेलों की पदक विजेता डॉ. दीपा मलिक ने भारी समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। डॉ. दीपा मलिक ने कहा, “ये एथलीट जिस रास्ते पर चले हैं वह समर्पण, अटूट दृढ़ संकल्प और अनगिनत घंटों की कड़ी मेहनत से भरा काम है। चौथे एशियाई पैरा खेलों में उनकी भागीदारी उनकी अटूट भावना और इंडियन ऑयल, भारत सरकार और उनके साथ रहे सभी शुभचिंतकों के समर्थन का प्रमाण है।”

भारतीय पैरालंपिक समिति के महासचिव गुरशरण सिंह ने एथलीटों को एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्हों कहा, “यह विदाई समारोह सिर्फ विदाई नहीं है; यह आपकी ताकत, आप के साहस और दृढ़ संकल्प का उत्सव है। आप न केवल भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं बल्कि आप लाखों लोगों की आशाओं और सपनों को अपने साथ लेकर चल रहे हैं। चौथे एशियाई पैरा खेलों में आपका प्रदर्शन भारतीय एथलीटों की उत्कृष्ट भावना का एक शानदार उदाहरण बनेगा।”

हाल ही में संपन्न एशियाई खेलों में 107 पदक जीतकर भारतीय दल के ऐतिहासिक प्रदर्शन ने एथलीटों, कोचों और सहयोगी स्टाफ को यह विश्वास दिला दिया है कि चौथा एशियाई पैरा खेल कई रिकॉर्ड तोड़ देगा और देश में पैरा गेम्स के इतिहास में सबसे सफल होगा। जैसे ही भारत के 309 पैरा-एथलीट चौथे एशियाई पैरा खेलों के लिए अपनी यात्रा शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं, पूरा देश उनके साथ मजबूती से खड़ा है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत सरकार और भारतीय पैरालंपिक समिति के समर्थन से, ये एथलीट इतिहास बनाने, दूसरों को प्रेरित करने और भारत को गौरवान्वित करने के लिए तैयार हैं।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading