अप्रैल 28, 2026

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार- 2023 के लिए आवेदन आमंत्रित किया

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार- 2023 के लिए आवेदन की मांग की है। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार- 2023 के लिए पात्र खिलाड़ियों/प्रशिक्षकों/संस्थाओं/विश्वविद्यालयों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए एक समर्पित पोर्टल के माध्यम से ही ऑनलाइन मोड में आवेदन किया जा सकता है। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के दिशानिर्देशों के अनुसार इसके लिए पात्र आवेदक अधिकारियों/व्यक्तियों की सिफारिश के बिना dbtyas-sports.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं, आवेदकों को अगर ऑनलाइन आवेदन करने के दौरान किसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ता है, तो वे इसके समाधान को लेकर खेल विभाग की ई-मेल आईडी sportsawards-moyas[at]gov[dot]in या कार्य दिवस में दूरभाष संख्या- 011-23387432 पर सुबह 9:00 बजे से शाम के 5:30 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा वे टोल फ्री नंबर 1800-202-5155, 1800258-5155 (किसी भी कार्य दिवस पर सुबह 8.00 बजे से शाम 8.00 बजे तक) पर अपनी समस्या का समाधान पा सकते हैं। इस पुरस्कार के लिए पात्र खिलाड़ी अपना आवेदन dbtyas-sports.gov.in पोर्टल पर 2 नवंबर, 2023 को रात के 11.59 बजे तक जमा कर सकते हैं। इसके बाद प्राप्त आवेदन पर विचार नहीं किया जायेगा।

खेलों में उत्कृष्टता को मान्यता देने और उसे पुरस्कृत करने के लिए हर साल खेल पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इसके तहत मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार किसी खिलाड़ी के चार वर्षों की अवधि में खेल के क्षेत्र में शानदार और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया जाता है। वहीं, अर्जुन पुरस्कार चार वर्षों तक लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया जाता है। इसके अलावा द्रोणाचार्य पुरस्कार किसी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए प्रशिक्षकों को दिया जाता है, जबकि ध्यानचंद पुरस्कार खेलों के विकास में आजीवन योगदान करने के लिए प्रदान किया जाता है। साथ ही, राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार उन कारपोरेट संस्थाओं और व्यक्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने खेल प्रोत्साहन व विकास के क्षेत्र में अपनी उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। वहीं, अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में समग्र रूप से शीर्ष प्रदर्शन करने वाले विश्वविद्यालय को मौलाना अबुल कलाम आजाद (एमएकेए) ट्रॉफी से सम्मानित किया जाता है।

भारत सरकार का युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय हर साल खेल पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित करता है। साल 2023 के लिए इन खेल पुरस्कारों को लेकर आवेदन आमंत्रित करने की अधिसूचना वेबसाइट http://www.yas.nic.in पर अपलोड कर दी गई है। साथ ही, भारतीय ओलंपिक संघ/भारतीय खेल प्राधिकरण/मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल महासंघ/खेल संवर्धन बोर्ड/राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की सरकारों आदि को भी इस संबंध में सूचित कर दिया गया है।

Leave a Reply

हो सकता है आप चूक गए हों

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading