जून 19, 2026

प्रदेश सरकार राज्य के समग्र और संतुलित विकास के लिए संकल्पबद्धः जय राम ठाकुर

प्रदेश सरकार राज्य का समग्र और सन्तुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और विकास से उपेक्षित क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। यह बात मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज शिमला जिले के भाजपा मंडल रामपुर के एक प्रतिनिधि मंडल को संबोधित करते हुए कही। हिमकोफैड के अध्यक्ष कौल नेगी के नेतृत्व में इस प्रतिनिधि मंडल ने आज मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से भेंट की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले चार वर्षों के दौरान सुनिश्चित किया है कि रामपुर क्षेत्र विकास में एक आदर्श के रूप में उभरे। उन्होंने कहा कि सरकार यह भी सुनिश्चित कर रही है कि रामपुर क्षेत्र के सभी विकासात्मक कार्य समयबद्ध पूर्ण हों ताकि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के लोग लाभान्वित हो सकें।

 जय राम ठाकुर ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने का आग्रह किया ताकि आने वाले विधानसभा चुनावों में इस क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस पार्टी को पूरी तरह से नकार दिया है और यह मात्र एक परिवार की पार्टी बन कर रह गई है। उन्होंने कहा कि चार राज्यों के लोगों ने एक बार फिर केंद्र और राज्य के भाजपा नेतृत्व में पूर्ण विश्वास जताया है और हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी ने चार राज्यों में जीत हासिल की हैं।

 हिमकोफेड के अध्यक्ष कौल नेगी ने उन पर विश्वास जताने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और उन्हें आश्वासन दिया कि आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा निश्चित रूप से बेहतर प्रदर्शन करेगी।

इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर व अन्य नेता भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

हो सकता है आप चूक गए हों

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading