मार्च 14, 2026

भारत-मंगोलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास “नोमैडिक एलीफेंट- 2023” मंगोलिया के उलानबटार में शुरू होगा

भारतीय सेना के 43 जवानों की टुकड़ी ने मंगोलिया के लिए प्रस्थान किया। यह सैन्य दल द्विपक्षीय संयुक्त अभ्यास “नोमैडिक एलीफेंट-23” के 15वें संस्करण में भाग लेगा। इस सैन्य अभ्यास का आयोजन 17 से 31 जुलाई 2023 तक मंगोलिया के उलानबटार में निर्धारित है। यह नोमैडिक एलीफेंट अभ्यास भारत का मंगोलिया के साथ एक वार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम है जो मंगोलिया और भारत में वैकल्पिक रूप से आयोजित किया जाता है, इससे पूर्व सैन्य अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन विशेष बल प्रशिक्षण विद्यालय (स्पेशल फॉर्सिज़ ट्रेनिंग स्कूल), बकलोह में अक्टूबर, वर्ष 2019 में किया गया था।

इस सैन्य अभ्यास मे मंगोलियाई सशस्त्र बल यूनिट 084 के सैनिक और जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट के भारतीय सैनिक भाग लेंगे। भारतीय सेना के जवानों की टुकड़ी 16 जुलाई 23 को भारतीय वायु सेना के सी-17 विमान द्वारा उलानबटार पहुंची। इस सैन्य अभ्यास का उद्देश्य सकारात्मक सैन्य संबंध, सर्वोत्तम सैन्य प्रथाओं का आदान-प्रदान, द्विपक्षीय अंतर-संचालनीयता, मिलनसार व्यवहार, सौहार्द और मित्रता को सुदृढ़ करना है। संयुक्त राष्ट्र के अधिदेश के तहत इस सैन्य अभ्यास का प्राथमिक उद्देश्य पहाड़ी इलाकों में आतंकवादी गतिविधियों पर रोक लगाना हैं।

इस सैन्य अभ्यास में प्लाटून स्तर का फील्ड प्रशिक्षण अभ्यास (एफटीएक्स) शामिल है। इस सैन्य अभ्यास के दौरान, भारतीय और मंगोलियाई सैनिक अपनी क्षमताओं और कौशल को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लेंगे। इन गतिविधियों में सहनशक्ति प्रशिक्षण, रिफ्लेक्स फायरिंग, रूम इंटरवेंशन, छोटी टीम रणनीति और पर्वतीय अभ्यास (रॉक क्राफ्ट फायरिंग) शामिल हैं। इस अभ्यास के दौरान भारत और मंगोलिया के सैनिक एक दूसरे के संचालन संबधित अनुभव से लाभान्वित होंगे।

भारत और मंगोलिया, क्षेत्रीय सुरक्षा और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध हैं। नोमैडिक एलीफेंट-23 अभ्यास भारतीय सेना और मंगोलियाई सेना के बीच रक्षा सहयोग में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा जो दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और बढ़ावा देगा।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading