मार्च 9, 2026

पंचायती राज मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की बैठक संपन्‍न

पंचायती राज मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की बैठक 4 जुलाई को केंद्रीय पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह की अध्‍यक्षता एवं समिति के उपाध्‍यक्ष तथा केंद्रीय पंचायती राज्‍य मंत्री कपिल मोरेश्वर पाटील की उपस्थिति में डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में संपन्‍न हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि आजादी के अमृत काल में हम सभी ने वर्ष 2047 तक संपन्‍न भारत का संकल्‍प लिया है, राष्‍ट्र की संपन्‍नता में उसकी भाषा की संपन्‍नता भी निहित है इसलिए हमें अपनी राजभाषा हिंदी को भी जन-जन की भाषा बनाते हुए संपन्‍न बनाना है। गिरिराज सिंह ने कहा कि आज दुनिया के 20 देशों में हिंदी बहुतायत में बोली जाती है, लगभग दो सौ विश्‍वविद्यालयों में हिंदी भाषा पढ़ाई जाती है और दुनिया की 70 करोड़ आबादी हिंदी बोलती है।

गिरिराज सिंह ने कहा कि हिंदी को लेकर हमें अपनी मानसिकता में बदलाव लाना जरूरी है। इस हेतु प्रबल इच्‍छा शक्ति भी होना आवश्‍यक है। हिंदी एक समृद्ध भाषा है और हमें सरकारी कामकाज में अधिक से अधिक हिंदी का उपयोग करना चाहिए। सिंह ने पंचायती राज मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की नियमित बैठक आयोजित करने पर जोर दिया।

केंद्रीय पंचायती राज राज्यमंत्री एवं हिंदी सलाहकार समिति के उपाध्‍यक्ष कपिल मोरेश्‍वर पाटील ने बैठक में कहा कि मंत्रालय में हिंदी में कार्य करने में विगत कुछ वर्षों में विस्‍तार हुआ है। मंत्रालय के प्रत्‍येक कार्यक्रम में यह प्रयास किया जाता है कि ज्‍यादा से ज्‍यादा हिंदी में ही भाषण और संवाद हो। पाटील ने कहा कि हिंदी बहुत सरल भाषा है और इसमें दूसरी भाषा के शब्‍द भी आसानी से समाहित हो जाते हैं इसलिए हम सभी को यह प्रयास करना चाहिए कि हिंदी की लोकप्रियता बढ़े।

बैठक में समिति के सदस्‍य एवं राज्‍य सभा सदस्‍य इरान्‍ना करादी, पंचायती राज मंत्रालय के सचिव सुनील कुमार, सदस्‍यगण राम नरेश तिवारी ‘पिण्‍डीवासा’, तेजस सुरेश कुमार ठकर, आचार्य राम मोहन शुक्‍ल, मीनू कुमारी, अशांत भोला सिंह, डॉ. नीलम सिंह, करण सिंह, राजभाषा विभाग के सहायक निदेशक रघुवीर शर्मा ने अपने विचार एवं सुझाव साझा किए।

सुनील कुमार, सचिव, पंचायती राज मंत्रालय ने हिंदी सलाहकार समिति की बैठक में कहा कि पंचायती राज मंत्रालय के कार्यों में राजभाषा हिंदी को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर प्रयास के सकारात्मक परिणाम आये हैं और हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के प्रयासों की समीक्षा के लिए भविष्य में भी इस तरह की बैठकों का आयोजन किया जाएगा। सुनील कुमार ने हिंदी सलाहकार समिति के माननीय सदस्यों को आश्वस्त किया कि उनके महत्वपूर्ण एवं रचनात्‍मक सुझावों पर यथोचित कार्रवाई की जाएगी। बैठक का संचालन समिति के सचिव एवं पंचायती राज मंत्रालय के आर्थिक सलाहकार डॉ. बिजय कुमार बेहरा ने किया एवं विगत बैठक की अनुशंसाओं के अनुपालन पर रिपोर्ट चंदर सिंह, उपनिदेशक राजभाषा विभाग ने प्रस्‍तुत की। बैठक में पंचायती राज मंत्रालय के अपर सचिव डॉ. चंद्रशेखर कुमार, संयुक्‍त सचिव एवं वित्‍तीय सलाहकार तनुजा ठाकुर, संयुक्‍त सचिव आलोक प्रेम नागर एवं मंत्रालय के अन्‍य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading