अप्रैल 29, 2026

रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने शं नो वरुण: कार रैली को फ्लैग इन किया

रक्षा राज्य मंत्री (आरआरएम) अजय भट्ट ने आज 26 अप्रैल 2023 को नौसेनाध्यक्ष (सीएनएस) एडमिरल आर हरि कुमार और नेवी वेलफेयर एंड वेलनेस एसोसिएशन (एनडब्‍ल्‍यूडब्‍ल्‍यूए) की अध्यक्ष कला हरि कुमार की उपस्थिति में ‘शं नो वरुण:’ कार रैली को फ्लैग इन किया। इसमें अधिकारी, नाविक (20 अग्निवीरों- 10 पुरुष एवं 10 महिला सहित), एनडब्‍ल्‍यूडब्‍ल्‍यूए के सदस्य और अन्‍य दिग्‍गज शामिल थे। ‘समुद्री जागरूकता बढ़ाने’ के मुख्‍य उद्देश्‍य के साथ भारतीय नौसेना ने एनडब्ल्यूडब्ल्यूए के साथ मिलकर और महिंद्रा एंड महिंद्रा के सहयोग से ‘शं नो वरुण:’ नाम के इस तटीय मोटर कार रैली का आयोजन किया था।

इस रैली को 26 मार्च 2023 को कोलकाता में आईएनएस नेताजी सुभाष से रवाना किया गया था। इसने भारत के पूरे पूर्वी और पश्चिमी तट से होते हुए कुल 8,500 किलोमीटर से अधिक दूरी तय की है। चिल्का से विशाखापत्तनम तक की रैली में 20 अग्निवीर शामिल हुए। इससे नए स्नातक नाविकों (10 महिला अग्निवीरों सहित) को प्रारंभिक प्रशिक्षण के दौरान बातचीत करने और अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिला।

भारत एक समुद्री देश है। समुद्र से घिरे एक देश के रूप में भारत सामरिक तौर पर पूर्व और पश्चिम को जोड़ने वाले समुद्री चौराहे पर स्थित है। इसलिए, सक्रिय हितधारकों से लेकर नागरिकों तक समाज के व्‍यापक दायरे में एक समुद्री मानसिकता विकसित करने की आवश्‍यकता है। इस लिहाज से ‘शं नो वरुण:’ कार रैली ‘समुद्री चेतना को बढ़ाने’ के मिशन को आगे बढ़ाने और लंबी अवधि में भारत की समुद्री ताकत को मजबूती देने के लिए बिल्‍कुल उपयुक्त पहल थी।

आरआरएम ने प्रतिभागियों को न केवल 7,500 किलोमीटर से अधिक की यादगार यात्रा पूरी करने के लिए शुभकामनाएं दी बल्कि इस आउटरीच कार्यक्रम के तहत हजारों छात्रों एवं नागरिकों के जीवन और उनकी सोच को महसूस करने के लिए भी बधाई दी। इसके अलावा, उन्होंने रैली के दौरान सामुदायिक आउटरीच के लिए नेवी वेलफेयर एंड वेलनेस एसोसिएशन (एनडब्‍ल्‍यूडब्‍ल्‍यूए) की भी सराहना की। इसके तहत वंचितों, विशेष जरूरतों वाले बच्चों और बुजुर्ग नागरिकों की मदद की गई।

अभियान ने अपने घोषित उद्देश्यों को हासिल किया। इस रैली के टीम सदस्यों ने इन बातों को आगे बढ़ाया: –

(क) तीन सैनिक स्कूलों और एक इंजीनियरिंग कॉलेज सहित 40 से अधिक स्कूलों/ कॉलेजों में भारत की समृद्ध समुद्री विरासत के बारे में जागरूकता।

(ख) ‘वुमेन इन व्‍हाइट’ का दृष्टिकोण, भारतीय नौसेना में महिलाओं के लिए करियर की संभावनाएं और ‘अमृत काल’ में ‘नारी शक्ति’ का महत्वपूर्ण योगदान।

(ग) 75 से अधिक किलों, बंदरगाहों और प्रकाशस्तंभों की यात्रा से समुद्री जागरूकता।

(घ) भारत के पश्चिम और पूर्वी तटों पर 20 से अधिक समुद्र तटों पर सरकार का ‘पुनीत सागर’ तटीय सफाई अभियान।

(ड.) नौसेना के पूर्व सैनिकों/ वीर नारियों के साथ बातचीत।

(च) सामुदायिक कल्‍याण और विभिन्‍न अनाथालयों, वृद्धाश्रमों एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के स्‍कूलों के लिए सहायता।

अपने एसयूवी वाहनों के बेड़े के साथ इस रैली की मदद करने वाली कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा के अलावा मास्टरकार्ड इंडिया और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन भी इस कार रैली के सह-भागीदार थे।

Leave a Reply

हो सकता है आप चूक गए हों

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading