लश्कर-ए-तैयबा को गोपनीय दस्तावेज लीक करने के आरोप में एनआईए (NIA) ने अपने ही पूर्व अधिकारी को गिरफ्तार किया
पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा को गोपनीय सूचनाएं ‘लीक’ करने के आरोप में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने अपने ही एक पूर्व अफसर को गिरफ्तार किया है। एजेंसी के प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि आईपीएस अफसर अरविंद दिग्विजय नेगी को प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के ओवर ग्राउंड वर्कर को सीक्रेट डॉक्युमेंट लीक करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। नेगी इससे पहले एनआईए में भी पुलिस अधीक्षक (एसपी) के तौर पर काम कर चुके हैं।
एनआईए के प्रवक्ता ने बताया, “जांच के दौरान शिमला में बतौर एसपी तैनात आईपीएस अफसर एडी नेगी की भूमिका की पड़ताल की गई और उनके घर की तलाशी ली गई। इस दौरान पता चला कि एडी नेगी ने एनआईए के आधिकारिक गोपनीय दस्तावेजों को एक अन्य आरोपी को लीक किया था जो लश्कर-ए-तैयबा का ओवर ग्राउंड वर्कर है।”
एनआईए प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अफसर 2011 में आईपीएस बैच के लिए प्रमोट हुआ था। उसे पिछले साल 6 नवंबर को एनआईए की तरफ से दर्ज हुए केस के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। एनआईए ने पिछले साल लश्कर-ए-तैयबा के ओवर ग्राउंड वर्करों के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की थी। ये नेटवर्क भारत में आतंकी गतिविधियों की योजना बनाने और उसे अंजाम देने में आतंकी संगठन का सहयोग करता था। इस मामले में एनआईए पहले ही 6 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।