नेता विपक्ष बनते ही एक्शन में आए जयराम ठाकुर, राज्यपाल को सौंपा सुखविंदर सरकार के खिलाफ शिकायत पत्र
नेता विपक्ष के रूप में चुने जाने के बाद हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हरकत में आए। 25 दिसंबर को उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर सुखविंदर सरकार के खिलाफ शिकायत पत्र सौंपा।
जयराम ठाकुर ने राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को ज्ञापन सौंपा है। पूर्व मुख्यमंत्री के दिए गए ज्ञापन में सुखविंदर सरकार के पूर्व भाजपा सरकार के दफ्तर बंद करने का मामला उठाया गया है। इस ज्ञापन में जयराम ठाकुर ने बताया कि राज्य की सुक्खू सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में प्रदेश सरकार ने पूर्व की भाजपा सरकार द्वारा जनता के हितों व सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बजटीय प्रावधान के साथ जो सरकारी संस्थान खोले थे, उन्हें राजनैतिक द्वेष के चलते बंद करने के आदेश पारित किए हैं। हिमाचल प्रदेश में अब तक 574 कार्यालयों को बंद किया गया है। जो न केवल जनविरोधी है, बल्कि तानाशाही निर्णय है. जिसे कदापि सहन नहीं किया जा सकता।
