मार्च 11, 2026

अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिलाने के लिए हाटी समुदाय ने किया मुख्यमंत्री का अभिनंदन

गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिलाने के लिये हाटी समिति द्वारा आज शिमला के पीटरहॉफ में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के सम्मान में आभार समारोह आयोजित किया गया। समारोह में हाटी समुदाय के हजारों लोगों ने मुख्यमंत्री का अभिनन्दन किया।
जय राम ठाकुर ने हाटी समुदाय को बधाई देते हुए कहा कि लम्बे समय तक साथ चलकर और संघर्ष से यह मंजिल हासिल की गई है। इतिहास में यह दिन स्वर्णिम अध्याय के रूप में अंकित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से अनेक बार यह मामला केन्द्र सरकार के समक्ष उठाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिरमौर जिले के ट्रान्सगिरी क्षेत्र में रहने वाली अनुसूचित जाति की आबादी यानी 91445 व्यक्तियों की भावनाओं को भी ध्यान में रखा है और उनके हितों की भी रक्षा की है। ट्रान्सगिरी क्षेत्र की कुल 251657 आबादी में से 160021 लोग अनुसूचित जनजाति के दर्जे से लाभान्वित होंगे।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह और केन्द्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सभी को साथ लेकर प्रगति के पथ पर निरन्तर आगे बढ़ रही हैं तथा राज्य में हर वर्ग और हर क्षेत्र का समान विकास सुनिश्चिित किया गया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के इस निर्णय से भावी पीढ़ियां भी खुशहाली के मार्ग पर अग्रसर होगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री को केन्द्रीय हाटी समिति ने परम्परागत टोपी, लोहिया और डांगरा भेंट कर सम्मानित किया।
सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और केन्द्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा केन्द्रीय हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा सफल प्रयासों से ही सम्भव हो पाया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सिरमौर जिला के लोग मुख्यमंत्री के हाथों को मज़बूत करेंगे और भाजपा मिशन रिपीट के लक्ष्य को हासिल करेगी।

ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कहा कि हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के प्रयासों से ही प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सिरमौर जिला का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए सदैव तत्परता से कार्य किया है।
विधायक रीना कश्यप ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने सिरमौर जिला का भविष्य उज्ज्वल बनाने का मार्ग प्रशस्त किया है।
राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के अध्यक्ष बलदेव तोमर ने इस अवसर पर कहा कि इस ऐतिहासिक लड़ाई की जीत के लिए सिरमौर जिला की आने वाली पीढ़ियां सदैव मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को याद रखेंगी।
केन्द्रीय हाटी समिति के अध्यक्ष डॉ. अमिचंद कमल ने हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिलाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस समुदाय को हर कदम पर मुख्यमंत्री ने सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस मामले को केन्द्र सरकार के समक्ष प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया और उसके उत्साहजनक परिणाम सामने आएं।
इस अवसर पर केन्द्रीय हाटी समिति के महासचिव कुंदन शास्त्री, शिमला इकाई के अध्यक्ष प्रदीप सिंगटा, मुख्य प्रवक्ता डॉ. रमेश सिंगटा, भाजपा नेता बलबीर चौहान, अन्य पदाधिकारी, उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी, निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क हरबंस सिंह ब्रसकोन तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading