अप्रैल 22, 2026

गणतंत्र दिवस समारोह का दूरदर्शन पर होगा सीधा प्रसारण

दिल्ली:

अब जबकि भारत अपनी आजादी के 75वें वर्ष के उत्सव के रूप में आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, दूरदर्शन द्वारा इस वर्ष के गणतंत्र दिवस का प्रसारण न केवल बड़े पैमाने पर होगा, बल्कि अनूठी विशेषताओं से लैस भी होगा। भारत की आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय वायु सेना 75 विमानों के विशाल बेड़े के विभिन्न करतबों के सीधे प्रसारण के साथ-साथ फ्लाई -पास्ट के नए पहलुओं को प्रदर्शित करने के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह के कवरेज के लिए तैनात 59 कैमरे और 160 से अधिक कर्मी राष्ट्रपति भवन से लेकर राजपथ से होते हुए इंडिया गेट पर राष्ट्रीय युद्ध स्मारक तक के पूरे खंड पर दूरदर्शन द्वारा किए गए विशाल प्रबंधों को दर्शाते हैं।

राजपथ पर 33 कैमरे, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, इंडिया गेट, नेशनल स्टेडियम में 16 कैमरे और राष्ट्रपति भवन में 10 कैमरे लगाए गए हैं।

लोगों को इस पूरे समारोह का विहंगम दृश्य दिखाने के लिए, दो 360 डिग्री कैमरे लगाए गए हैं। इनमें से एक कैमरा राजपथ पर लगा है और दूसरा इंडिया गेट के शीर्ष पर। दोनों 360 डिग्री कैमरों के दृश्य डीडी नेशनल यूट्यूब चैनल पर दो अलग-अलग स्ट्रीम के माध्यम से लगातार लाइव-स्ट्रीम किए जायेंगे।

परेड करती टुकड़ियों और फ्लाई-पास्ट की हर मिनट की गतिविधि को दर्ज करने के लिए, दूरदर्शन ने 5 जिमी जिब्स, 100एक्स और 86एक्स टैली लेंस के संयोजन, 15 से अधिक वाइड एंगल लेंस, एबैकस लेंस आदि तैनात किए हैं। राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और इंडिया गेट के बीच सजे हुए राजपथ के लुभावने दृश्यों को दिखाने के लिए एक कैमरा 120 फीट की ऊंचाई वाले हाइड्रोलिक क्रेन पर रखा गया है। प्रेसिडेंशियल एनक्लोजर और राजपथ पर रिमोट से नियंत्रित होने वाले विशेष पीटीजेड कैमरे लगाए गए हैं।

समावेशी कवरेज सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, डीडी न्यूज आखों देखा हाल (कमेंट्री) को सांकेतिक भाषा में व्याख्या के माध्यम से भी प्रसारित करेगा।

गणतंत्र दिवस समारोह का सीधा प्रसारण देश भर में दूरदर्शन के सभी चैनलों पर 26 जनवरी को सुबह 9:15 बजे से शुरू होकर कर राजपथ पर होने वाले कार्यक्रमों के अंत तक किया जाएगा। यह सीधा प्रसारण डीडी नेशनल, डीडी न्यूज यूट्यूब चैनलों और न्यूजऑनएयर ऐप्प और वेबसाइट पर भी उपलब्ध होगा।

PIB

Leave a Reply

हो सकता है आप चूक गए हों

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading