मार्च 14, 2026

अनुराग ठाकुर ने युवाओं से आग्रह किया कि 13-15 अगस्त तक अपने घरों में तिरंगा फहराएं

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने युवाओं से आग्रह किया कि देश में चल रहे “हर घर तिरंगा” अभियान को सेलिब्रेट करने के लिए 13 से 15 अगस्त 2022 तक अपने घरों में तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा कि आज “अगस्त क्रांति” दिवस होने के नाते हमारे युवाओं को अपने-अपने क्षेत्र में समर्पण और कड़ी मेहनत के साथ दुनिया के शीर्ष पर तिरंगा फहराने की शपथ लेनी चाहिए। अनुराग ठाकुर ने कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज केवल कपड़े का टुकड़ा नहीं है, बल्कि इस तिरंगे की ताकत 130 करोड़ भारतीयों को एकजुट करती है। उन्होंने आगे कहा कि हमारे युवाओं को संकल्प लेना चाहिए कि वे देश को एक सूत्र में बांधकर रखेंगे और भारत को आगे लेकर जाएंगे और उसे मजबूत बनाएंगे। वे शिमला में नेहरू युवा केंद्र के सदस्यों, एनएसएस वॉलंटियरों और विभिन्न युवा मंडलों के सदस्यों के साथ आयोजित एक युवा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन नेहरू युवा केंद्र, शिमला (हिमाचल प्रदेश) द्वारा किया गया था।

युवाओं से बात करते हुए उन्होंने भारत दर्शन कार्यक्रम के जरिए युवा पीढ़ी में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना पैदा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा को अपने राज्य और देश के अन्य स्थानों और हिस्सों का भ्रमण करना चाहिए और उन्हें देखना चाहिए। ये उनमें अपनेपन और देशभक्ति की भावना का संचार करेगा और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने में मदद करेगा। उन्होंने विभिन्न राज्यों की भाषा, संस्कृति और व्यंजनों की सीमाओं को तोड़ने में “एक भारत श्रेष्ठ भारत” (ईबीएसबी) कार्यक्रम की भूमिका का भी जिक्र किया, जिसके कारण विभिन्न राज्यों के युवा एक-दूसरे के करीब आए हैं। मंत्री महोदय ने कहा कि ये राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने की दिशा में काम करेगा और भारत के गौरव को बढ़ाएगा।

प्रतिभागियों के साथ खुलकर चर्चा करते हुए अनुराग ठाकुर ने देश के विभिन्न मुद्दों और समस्याओं पर युवाओं के विचार जानने का प्रयास किया। उन्होंने नेहरू युवा केंद्र, एनएसएस वॉलंटियरों और विभिन्न युवा मंडलों के युवाओं के साथ महिला सशक्तिकरण, एक भारत श्रेष्ठ भारत, कौशल विकास, खेल की भूमिका, फिट इंडिया मूवमेंट और कैरियर परामर्श के मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी ऐसी बैठकें होती रहेंगी ताकि देश के युवा सरकारी योजनाओं के बारे में जान सकें और सरकार से संपर्क कर सकें।

मंत्री महोदय ने केंद्र सरकार की योजनाओं जैसे हर घर जल योजना, स्वच्छता अभियान उजाला, उज्ज्वला योजना और डिजिटल इंडिया आदि की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया आंदोलन को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में 250 जिम स्थापित किए हैं।

मीडियाकर्मियों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि खेलों में हमारी उपलब्धियां कई गुना बढ़ गई हैं क्योंकि हाल के राष्ट्रमंडल खेलों के परिणाम बताते हैं कि भारत ने 61 पदक प्राप्त किए और टूर्नामेंट में चौथा स्थान हासिल किया।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading