नवम्बर 9, 2026

सत्येंद्र प्रकाश ने पत्र सूचना कार्यालय के प्रधान महानिदेशक का कार्यभार ग्रहण किया

सत्येंद्र प्रकाश ने पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) के प्रधान महानिदेशक का पदभार ग्रहण किया। प्रकाश 1988 बैच के भारतीय सूचना सेवा के अधिकारी हैं। इससे पहले वे केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रधान महानिदेशक के पद पर कार्यरत थे।

सत्येंद्र प्रकाश को सार्वजनिक संचार, मीडिया प्रबंधन, प्रशासन, नीति निर्माण और कार्यक्रम कार्यान्वयन के क्षेत्र में केंद्र सरकार में व्यापक अनुभव है। उन्होंने यूनेस्को, यूनिसेफ, यूएनडीपी जैसे विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने केंद्रीय संचार ब्यूरो के लिए सरकारी विज्ञापन, इंटरनेट और डिजिटल मीडिया नीति, एफएम रेडियो नीति, डिजिटल सिनेमा नीति आदि के सामग्री विनियमन के लिए मसौदा दिशा-निर्देश तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्हें ‘वोकल फॉर लोकल’ विषय पर 2021 में गणतंत्र दिवस पर सूचना और प्रसारण मंत्रालय की पहली झांकी की प्रस्तुति में भूमिका निभाने के लिए सराहा गया था।

प्रकाश भारत सरकार के कई प्रमुख सार्वजनिक अभियानों, आउटरीच गतिविधियों को डिजाइन करने और लागू करने से जुड़े रहे हैं। उन्हें महत्वपूर्ण आईईसी अभियानों को तैयार करने का श्रेय दिया जाता है। उन्हें हाल ही में भारत के चुनाव आयोग द्वारा मान्यता दी गई है और 2021-22 में मतदाता जागरूकता और शिक्षा के माध्यम से चुनावी भागीदारी बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

सत्येंद्र प्रकाश के कार्यभार ग्रहण करने पर पीआईबी के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

प्रातिक्रिया दे

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.