मार्च 9, 2026

एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने हिमाचल से किया प्रचार प्रारम्भ

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, केंद्रीय राज्य संसदीय कार्य एवं सांस्कृतिक मंत्री अर्जुन सिंह मेघवाल, प्रदेश के सांसदों एवं भाजपा विधायकों द्वारा आज सोलन ज़िला के बद्दी में आयोजित एक गरिमापूर्ण समारोह में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन तथा अन्य समर्थक दलों द्वारा राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
मुख्यमंत्री श्री जय राम ठाकुर ने एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार श्रीमति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत करते हुए कहा कि श्रीमति द्रौपदी मुर्मू की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि श्रीमति द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति पद के लिए चयन भारतीय जनता पार्टी की सकारात्मक एवं समग्र सोच का परिचायक है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव समाज की एकजुटता तथा सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रही है और श्रीमति द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति पद के लिए चयन से राष्ट्रवादी सोच और प्रगाढ़ होगी।
उन्होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मू ने अपने जीवन के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के लिए उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। आदिवासी क्षेत्रों के विकासए लड़कियों की शिक्षा तथा समाज के सभी वर्गों के संतुलित विकास की दिशा में द्रौपदी मुर्मू के प्रयास अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के चयन ने यह सिद्ध किया है कि भाजपा समाज के सभी वर्गों की सच्ची हितैषी है।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार चयनित होने पर बधाई दी। उन्होंने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्वारा अपने चुनाव प्रचार का आरम्भ हिमाचल से करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि एक आदिवासी एवं जनजाति वर्ग से सम्बन्धित महिला का राष्ट्रपति पद के निर्वाचन के लिए चयन भारतीय जनता पार्टी की प्रगतिशील सोच का परिचायक है।

केन्द्रीय राज्य संसदीय कार्य एवं सांस्कृतिक मंत्री अर्जुन सिंह मेघवाल ने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति पद के निर्वाचन में मत मूल्य की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पद के निर्वाचन में हिमाचल के एक विधायक के मत का मूल्य 51 तथा एक सांसद के मत का मूल्य 700 है।
शिमला लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का हिमाचल पधारने पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मू का जीवन सभी के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है। उन्होंने आदिवासी एवं अनुसूचित जनजाति से सम्बद्ध महिला को देश के राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाने के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार श्रीमति द्रौपदी मुर्मू ने इस अवसर पर कहा कि हिमाचल अध्यात्म और पर्यटन का मुख्य क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि हिमाचल को देश भर में वीरभूमि के नाम से जाना जाता है। उन्होंने इस अवसर पर देश के प्रथम परमवीर चक्र विजेता प्रदेश के कांगड़ा ज़िला के निवासी मेजर सोमनाथ शर्मा सहित हिमाचल के सभी परमवीर चक्र विजेताओं एवं अन्य वीरों को नमन किया।
उन्होंने कहा कि हिमाचल का इतिहास एवं परम्परा अत्यंत गौरवशाली रही है तथा हिमाचल आज देश को विकास के विभिन्न मानकों में राह दिखा रहा है।
उन्होंने आग्रह किया कि हम सभी देश को समृद्ध एवं वैभवशाली राष्ट्र बनाने में एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि ज़मीनी स्तर पर अधोसंरचना विकास की दिशा में कार्य कर जन-जन का उत्थान सुनिश्चित बनाना ही उनका उद्देश्य है।
प्रदेश के शहरी विकास नगर नियोजन एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के राजनीतिक जीवन का विस्तृत परिचय प्रस्तुत किया।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, उपाध्यक्ष हंस राज, भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं तमीलनाडू से सांसद वानती श्रीनिवासन, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रीतु राज सिन्हा, राज्यसभा सांसद इन्दु गोस्वामी एवं डॉ. सिकन्दर, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल सहित प्रदेश भाजपा विधायक इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading