अप्रैल 28, 2026

महिलाओं का सम्मान, प्रदेश सरकार की पहचान – डॉ. सैजल

एचआरटीसी की साधारण बसों में प्रदेश के भीतर महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत की छूट आरम्भ

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि महिलाओं का सम्मान प्रदेश सरकार की पहचान है और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही योजनाएं अपने उद्देश्य में सफल हो रही हैं। डॉ. सैजल आज मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर द्वारा कांगड़ा ज़िला के धर्मशाला से ‘नारी को नमन’ के तहत प्रदेश पथ परिवहन निगम की साधारण बसों में महिलाओं के लिए आधा किराया योजना का शुभारम्भ करने के उपरांत सोलन में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।
मुख्यमंत्री द्वारा ‘नारी को नमन’ योजना के शुभारम्भ को प्रदेश के अन्य ज़िलों के साथ-साथ सोलन ज़िला में भी वर्चुअल माध्यम से लाइव देखा गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सोलन ज़िला के डांगरी की रहने वाली पिंकी देवी से वर्चुअल माध्यम से बातचीत की। पिंकी देवी ने इस अवसर पर योजना के शुभारम्भ के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर परिवहन निगम की बस में पिंकी देवी का पुष्प भेंट कर सम्मान किया और गंतव्य स्थल के लिए आधे किराए की टिकट प्रदान की।

डॉ. सैजल ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश की महिलाओं के लिए आज का दिन विशेष है। किराए में 50 प्रतिशत छूट महिलाओं को अनेक सम्बल प्रदान करेगी। इस प्रकार से बचाई हुई राशि अन्य मदों पर खर्च की जा सकेगी। उन्होंने महिला सम्मान की इस योजना के शुभारम्भ के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का आभार व्यक्त किया।
आयुष मंत्री ने कहा कि गृहिणी सुविधा तथा शगुन जैसी महत्वाकांक्षी योजना आरम्भ कर प्रदेश सरकार ने महिला सम्मान एवं सशक्तिकरण को सर्वोच्च अधिमान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत पद आरक्षित कर विकास प्रक्रिया में महिलाओं की बराबर की भागीदारी भी भाजपा सरकार ने ही सुनिश्चित की थी।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति समाज की नींव है और महिलाओं का सुदृढ़ीकरण समाज को मज़बूती प्रदान करता है।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने परिवहन निगम की बसों में किराए में 50 प्रतिशत की छूट देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। भोजनगर की ममता ठाकुर ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से उन्हें यात्रा करने में और आसानी होगी तथा इस प्रकार बची हुई धनराशि का वह सदुपयोग कर सकेंगी। बसाल की कृष्णा ने कहा कि प्रदेश सरकार की महिला कल्याण की योजनाएं उन्हें विशेष होने का एहसास दिलाती हैं।
ज़िला परिषद सदस्य दर्पणा ठाकुर, बीडीसी धर्मपुर के उपाध्यक्ष मदन मोहन मेहता, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राजेश कश्यप, नगर निगम सोलन की पार्षद मीरा आनंद एवं अन्य पार्षद, ज़िला भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष शकुन्तला शर्मा, भाजपा मण्डल सोलन के अध्यक्ष मदन ठाकुर, भाजपा तथा भाजयुमो के पदाधिकारी, उपमण्डलाधिकारी सोलन विवेक शर्मा, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सोलन नरेन्द्र चौहान, प्रदेश पथ परिवहन निगम सोलन के क्षेत्रीय प्रबंधक शगुल सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

हो सकता है आप चूक गए हों

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading