जून 22, 2026

97 नवीन योजनाओं के द्वारा जन-जन को लाभान्वित करने का सफल प्रयास-डॉ. सैजल

घाणागुघाट में लगभग 02 करोड़ रुपए की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की आधारशिला
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मन्त्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने अपने कार्यकाल में जन कल्याण को समर्पित 97 नवीन योजनाएं आरम्भ कर जन-जन को लाभान्वित करने का सफल प्रयास किया है। डॉ. सैजल आज सोलन ज़िला के अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत घणागुघाट में आयोजित स्थानीय मेले के शुभारम्भ समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
डॉ. सैजल ने इससे पूर्व घणागुघाट में लगभग 02 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की अधारशिला रखी। यहां चिकित्सकों के लिए आवासीय व्यवस्था भी होगी। इस प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के निर्माण के लिए स्थानीय निवासी कांशी राम ठाकुर ने भूमि दान की है।

उन्होंने स्थानीय निवासियों को मेले की शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि आने वाला समय सभी के लिए सुख एवं समृद्धिदायक तथा स्वास्थ्यवर्द्धक रहेगा। उन्होंने भूमि दान करने के लिए कांशी राम ठाकुर का आभार व्यक्त किया।
स्वास्थ्य मन्त्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गत साढे़ चार वर्षों में आरम्भ की गई 97 योजनाएं गांव-गांव तक लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आरम्भ की गई योजनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक सराहना मिली है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि अपने पंचायत सचिव, खण्ड विकास अधिकारी अथवा उपमण्डलाधिकारी कार्यालय से विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रता अनुसार इनका लाभ उठाएं।
डॉ. सैजल ने कहा कि केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रदेश में अभी तक 4.25 लाख परिवारों के गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं तथा 1.22 लाख लाभार्थियों के निःशुल्क उपचार पर लगभग 149 करोड़ रुपए व्यय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की हिमकेयर योजना के अन्तर्गत 5.13 लाख परिवार पंजीकृत हैं तथा अभी तक 2.29 लाख लाभार्थियों के उपचार पर लगभग 208 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने वरिष्ठ नागरिकों की सहायता के लिए सामाजिक सुरक्षा पैंशन की आयु सीमा को घटाकर 60 वर्ष कर दिया है। उन्हांने कहा कि राज्य सरकार ने गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं मज़बूत करने के लिए अनेक कदम उठाए हैं। राज्य में वर्तमान प्रदेश सरकार के समय में 1750 से अधिक चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है।
उन्होंने क्षेत्र में बह्ुदेशीय सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 15 लाख रुपए, यहां फर्नीचर के लिए 02 लाख रुपए तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में अतिरिक्त भवन एवं चारदीवारी के निर्माण के लिए 07.50 लाख रुपए उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।
उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को अपनी एच्छिक निधि से 11,000 रुपए प्रदान करने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत घणागुघाट के स्वंय सहायता समूह की महिलाओं द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई।
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रत्न सिंह पाल ने इस अवसर पर सभी को मेले की बधाई दी और वर्तमान सरकार के कार्यकाल में हुए विकास का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
ग्राम पंचायत घणागुघाट की प्रधान मधुबाला ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। पूर्व प्रधान विनोद कुमार ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
ज़िला परिषद सदस्य आशा परिहार एवं भुवनेश्वरी देवी, बीडीसी कुनिहार की अध्यक्ष सौमा कौण्डल, ग्राम पंचायत मांगु के प्रधान बलदेव, ग्राम पंचायत घणागुघाट के उप प्रधान प्रवीण ठाकुर, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य जय नन्द शर्मा एवं ओम प्रकाश गांधी, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश सचिव दलीप पाल, सह मीडिया प्रभारी सन्तोष शुक्ला, जिला भाजपा सचिव राकेश गौतम, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवक्ता प्रतिभा कंवर, भाजपा मण्डल अर्की के उपाध्यक्ष नीम चन्द, सचिव धनीराम चौहान एवं धर्मपाल, रूपराम शर्मा, महामन्त्री राकेश ठाकुर एवं यशपाल कश्यप, भाजपा मण्डल अर्की किसान मोर्चा के अध्यक्ष जगदीशवर शुक्ला, ग्राम पंचायत दांवटी के पूर्व प्रधान धर्मपाल गर्ग, भूमि दान करने वाले कांशी राम, उपमण्डलाधिकारी अर्की केश्व राम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल, खण्ड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. राधा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

हो सकता है आप चूक गए हों

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading