रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड कोरापुट में 2000वें एयरो-इंजन की डिलीवरी कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 6 अक्टूबर, 2026 को ओडिशा में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के कोरापुट डिवीजन द्वारा 2000वें एयरो-इंजन की डिलीवरी के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम भारत की एयरोस्पेस और रक्षा विनिर्माण क्षमताओं तथा सशस्त्र बलों की संचालन तत्परता में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड कोरापुट के लगभग छह दशकों के योगदान को चिह्नित करेगा।
इस आयोजन में 218 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित शक्ति इंजन की दूसरी उत्पादन लाइन की घोषणा भी की जाएगी। अतिरिक्त क्षमता ध्रुव एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर और प्रचंड लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर सहित स्वदेशी हेलीकॉप्टर प्लेटफॉर्म की बढ़ती आवश्यकताओं को पूरा करेगी।
यह आयोजन भारत को रक्षा उपकरणों के खरीदार से रक्षा प्रणालियों के डिजाइनर, डेवलपर और निर्माता के रूप में बदलने के सरकार के दृष्टिकोण को रेखांकित करता है। प्रणोदन प्रणालियों के रणनीतिक महत्व और तकनीकी जटिलता को देखते हुए, स्वदेशी एयरो-इंजन क्षमता का निर्माण इस दृष्टिकोण का एक महत्वपूर्ण घटक है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण मांझी, रक्षा उत्पादन सचिव श्री संजीव कुमार और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के सीएमडी श्री रवि के सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।