पीएम स्मृतिचिह्नों के ई-ऑक्शन में पंजाब की विरासत, भांगड़ा और दिलजीत दोसांझ पर फोकस
पीएम स्मृतिचिह्नों का ई-ऑक्शन पंजाब की आस्था, धरोहर और समकालीन संस्कृति को प्रतिबिंबित करने वाले स्मृतिचिह्नों पर बोली लगाने का अवसर प्रदान करता है
पीएम स्मृतिचिह्नों के ई-ऑक्शन 2026 में प्रदर्शित स्मृतिचिह्नों के एक विशिष्ट संग्रह में पंजाब के अनेक रूपों, उसकी आस्था, इतिहास, संगीत, नृत्य और जीवंत परंपराओं को अभिव्यक्त किया गया है। स्वर्ण मंदिर की लघु प्रतिमाएं, सिख आध्यात्मिक हस्तियों के चित्र, भांगड़ा और दिलजीत दोसांझ की वैश्विक संगीत यात्रा की एक झलक, शाश्वत विरासत और समकालीन सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को एक साथ लाती हैं।


स्वर्ण मंदिर का एक यादगार स्मृतिचिह्न श्री हरमंदिर साहिब का एक विस्तृत लघु मॉडल है, जबकि दूसरे स्मृतिचिह्न में मंदिर को एक कांच के गुंबद के भीतर प्रस्तुत किया गया है, जिससे एक विशिष्ट तैरता हुआ परिदृश्य प्रस्तुत होता है, दोनों ही अमृतसर के इस प्रतिष्ठित स्थल के स्थापत्य और आध्यात्मिक महत्व को दर्शाते हैं।


इस संग्रह में गुरुद्वारा प्रबंध समिति, गुरुबाग, वाराणसी की ओर से भेंट किए गए चांदी के फ्रेम वाली प्रतिमा के माध्यम से गुरु नानक देव जी को श्रद्धांजलि भी दी गई है। एक अन्य मार्मिक कलाकृति में माता गुजरी जी को युवा साहिबजादों, जोरावर सिंह और फतेह सिंह के साथ दर्शाया गया है, जो सिख इतिहास में उनके स्थान और उनकी कहानी से जुड़े साहस, बलिदान और आस्था के मूल्यों को याद दिलाती है।


भांगड़ा नृत्य की एक पेंटिंग के माध्यम से पंजाब की जीवंत सांस्कृतिक पहचान को जीवंत किया गया है, जो इस पारंपरिक लोक नृत्य की गति, रंग और उल्लासपूर्ण भाव को दर्शाती है। इस संग्रह में दिलजीत दोसांझ के दिल-लुमिनाती टूर के फोटोप्रिंट के साथ एक समकालीन मोड़ भी लिया गया है, जो पंजाबी संगीत और लोकप्रिय संस्कृति की वैश्विक पहुंच को प्रदर्शित करता है।


एक अन्य उल्लेखनीय स्मृतिचिह्न संत श्री सेवलाल महाराज का फ्रेमयुक्त प्रतिमा है, जिसमें आध्यात्मिक और समाज सुधारक को आशीर्वाद देने की मुद्रा में दर्शाया गया है। संग्रह में सुनहरे धागे की कढ़ाई वाले केसरिया गुरुद्वारा हेडस्कार्फ भी शामिल हैं, जो सिख पूजा स्थलों में विनम्रता और श्रद्धा का प्रतीक माने जाते हैं।
ये सभी स्मृतिचिह्न मिलकर एक ऐसी कहानी प्रस्तुत करते हैं, जो पवित्र स्थलों और आध्यात्मिक परंपराओं से लेकर लोक संस्कृति और समकालीन संगीत तक फैली हुई है, और पंजाब से जुड़ी विविध सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों की एक झलक पेश करती है।
पीएम स्मृतिचिह्न का ई-ऑक्शन लोगों को बोली लगाने का अवसर प्रदान करती है। नीलामी से प्राप्त धनराशि नमामि गंगा मिशन को सहायता प्रदान करेगी। बोली लगाने के लिए pmmementos.gov.in पर जाएं।