अप्रैल 21, 2026

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने गुजरात मेट्रो रेल निगम लिमिटेड (जीएमआरसी) के अंतर्गत जीआईएफटी सिटी से शाहपुर तक वर्तमान उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर के विस्तार को स्वीकृति दे दी है

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज जीआईएफटी सिटी से शाहपुर तक गुजरात मेट्रो रेल निगम लिमिटेड (जीएमआरसी) के कॉरिडोर के विस्तार को स्वीकृति दी है। यह कॉरिडोर 3.33 किलोमीटर लंबा होगा और इसमें तीन एलिवेटेड स्टेशन होंगे। यह परियोजना लगभग चार वर्षों में पूरी होने वाली है।

इस परियोजना की अनुमानित लागत 1,067.35 करोड़ रुपये है। इस विस्तारित कॉरिडोर से 2029 में लगभग 23,702 यात्रियों और 2041 में लगभग 58,059 यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

यह कॉरिडोर अहमदाबाद और जीआईएफटी क्षेत्र के बीच संपर्क को मजबूत करेगा। प्रस्तावित मार्ग पर स्थित प्रमुख बहुराष्ट्रीय कंपनियों, शैक्षणिक संस्थानों और वाणिज्यिक केंद्रों को इससे सीधे लाभ मिलेगा।

इसके अतिरिक्त, यह विस्तार अहमदाबाद और जीआईएफटी क्षेत्र के बीच यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों के लिए व्यापार, रोजगार और शिक्षा से संबंधित यात्रा आवश्यकताओं को पूरा करने में लाभकारी होगा जिससे नेटवर्क एकीकरण और यात्री सुविधा में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

इस परियोजना के निर्माण क्षेत्र में लगभग 1,000 रोज़गार सृजित होने की उम्मीद है। निर्माण के बाद के चरण में संचालन और रखरखाव के लिए लगभग 250 लोगों को रोज़गार मिलेगा। यह परियोजना प्रत्यक्ष रोज़गार के उतने ही अवसर पैदा करेगी जिनका उल्लेख ऊपर किया गया है। इसके अतिरिक्त, इससे जुड़ी अन्य गतिविधियों से अप्रत्यक्ष रूप से और भी अधिक लोगों को रोज़गार मिलेगा।

इस परियोजना का कार्यान्वयन गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (जीएमसी) की ओर से किया जाएगा जो भारत सरकार और गुजरात सरकार के बीच 50:50 का संयुक्त उद्यम है।

पृष्ठभूमि:

अभी गुजरात मेट्रो के अंतर्गत 68.28 किलोमीटर लंबे अहमदाबाद मेट्रो के पहले चरण (एपीएमसी से मोटेरा स्टेडियम (उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर) और थलतेज गांव से वस्त्राल गांव (पूर्व-पश्चिम कॉरिडोर) और दूसरे चरण (मोटेरा स्टेडियम से महात्मा मंदिर और जीएनएलयू से गिफ्ट सिटी) में कुल 53 स्टेशन हैं। ये दोनों चरण सितंबर 2022 (चरण-1) और जनवरी 2026 (चरण-2) से सफलतापूर्वक चालू हो चुके हैं। इस लाइन पर प्रतिदिन लगभग 1,60,000 यात्री यात्रा करते हैं।

Leave a Reply

हो सकता है आप चूक गए हों

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading