अप्रैल 21, 2026

रक्षा मंत्री और उनके फ्रांसीसी समकक्ष बेंगलुरु में आयोजित होने वाले छठे वार्षिक रक्षा संवाद की सह-अध्यक्षता करेंगे

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 17 फरवरी, 2026 को कर्नाटक के बेंगलुरु में फ्रांस की सशस्त्र सेना और वयोवृद्ध मामलों की मंत्री कैथरीन वाउटरिन के साथ छठे भारत-फ्रांस वार्षिक रक्षा संवाद की सह-अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग के संपूर्ण पहलुओं की समीक्षा की जाएगी जिसमें औद्योगिक सहयोग के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इस बैठक के दौरान, रक्षा सहयोग समझौते को अगले 10 वर्षों के लिए नवीनीकृत किए जाने की उम्मीद है, साथ ही दोनों रक्षा मंत्रियों की उपस्थिति में हैमर मिसाइलों के निर्माण के लिए संयुक्त उद्यम पर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाने की भी संभावना है। भारतीय सेना और फ्रांसीसी थल सेना प्रतिष्ठानों में अधिकारियों की पारस्परिक तैनाती के संबंध में भी घोषणा होने की उम्मीद है।

दोनों मंत्रियों के कर्नाटक के वेमागल में प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति श्री इमैनुअल मैक्रॉन द्वारा टाटा एयरबस के एच125 लाइट यूटिलिटी हेलि‍कॉप्टर के अंतिम असेंबली के वर्चुअल उद्घाटन को भी देखने की उम्मीद है।

रक्षा क्षेत्र परंपरागत रूप से दोनों देशों के बीच संबंधों का एक महत्वपूर्ण आधार रहा है। 2024-2025 में कई उच्चस्तरीय आदान-प्रदानों के माध्यम से मजबूत और स्थायी द्विपक्षीय संबंध स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुए। प्रधानमंत्री मोदी जुलाई 2023 में बैस्टिल दिवस परेड में विशिष्ट अतिथि थे, जिसके बाद फ्रांस के राष्ट्रपति ने गणतंत्र दिवस परेड 2024 में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

हाल ही में हुए भारत-यूरोपीय संघ सुरक्षा एवं रक्षा साझेदारी समझौते ने यूरोपीय देशों के साथ सामूहिक सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सैन्य सहयोग में लगातार वृद्धि हो रही है। भारत और फ्रांस नियमित रूप से तीन प्रमुख अभ्यास कर रहे हैं – सेना के साथ ‘शक्ति अभ्यास’, नौसेना के साथ ‘वरुण अभ्यास’ और वायु सेना के साथ ‘गरुड़ अभ्यास’, साथ ही कई अन्य अवसर के अनुसार अभ्यास भी।

12 अक्टूबर, 2025 को फ्रांस की रक्षा मंत्री बनने के बाद सुश्री कैथरीन वाउटरिन की भारत की यह पहली यात्रा होगी। भारत-फ्रांस वार्षिक रक्षा वार्ता रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग की समीक्षा और मार्गदर्शन के लिए आयोजित एक संरचित मंत्रिस्तरीय द्विपक्षीय बैठक है। इस बैठक का 5वां संस्करण 11-13 अक्टूबर, 2023 को फ्रांस में आयोजित किया गया था।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading