मार्च 22, 2026

‘जय हिन्द सभा’ का आयोजन 30 मई को

सन् 1962, 1971 एवं कारगिल युद्ध तथा ऑपरेशन सिंदूर में अदम्य साहस तथा वीरता का परिचय देने वाले प्रदेश के जांबाज़ों के सम्मान में पीटरहॉफ में 30 मई को प्रातः 11 बजे जय हिन्द सभा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में कांगड़ा, हमीरपुर सहित प्रदेश के अन्य भागों से सैनिक तथा शहीदों के परिजन भाग लेंगे।

यह जानकारी उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने आज आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। इस बैठक के बाद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने आयोजन संबंधी तैयारियों का जायज़ा लिया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अजय माकन एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल सहित कई गणमान्य इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से पूर्व सैनिक भी भाग लेंगे।
डॉ. शांडिल ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य हिमाचल प्रदेश के उन वीर सैनिकों को सम्मानित करना है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। हिमाचल प्रदेश देवभूमि होने के साथ-साथ वीरों की भूमि के रूप में भी जानी जाती है और इसके वीर सैनिक हमेशा से ही देश की सरहदों और अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देते आए हैं। हिमाचल को देश का पहला ऐसा राज्य होने का गौरव प्राप्त है, जिसके मेजर सोमनाथ शर्मा को सन् 1947 में पाकिस्तान के साथ कश्मीर में हुए कबायली संघर्ष में अदम्य साहस का परिचय देने के लिए मरणोपरांत पहला परमवीर चक्र प्रदान किया गया था। इसके बाद के युद्धों में भी हिमाचल के शूरवीरों ने दुश्मनों के दांत खट्टे करते हुए परमवीर चक्र सहित अन्य वीरता सम्मान हासिल किए। हाल ही में शहीद हुए सूबेदार पवन सिंह जरियाल ने भी देश सेवा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर किए।
डॉ. शांडिल ने बताया कि हिमाचल प्रदेश एकमात्र ऐसा राज्य है जो शहीद सैनिकों के परिजनों को 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर रहा है। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा भर्ती एवं पदोन्नति के मामलों में पूर्व सैनिकों को प्राथमिकता दी जा रही है।
बैठक में अन्यों के अतिरिक्त महापौर नगर निगम शिमला सुरेन्द्र चौहान, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, विशेष सचिव सैनिक कल्याण हरबंस ब्रसकोन, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, नगर निगम शिमला के आयुक्त भूपेन्द्र अत्री तथा निदेशक सैनिक कल्याण ब्रिगेडियर मदन शील शर्मा (सेवानिवृत) उपस्थित थे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading