अप्रैल 29, 2026

दूसरे भारत-कैरिकॉम शिखर सम्‍मेलन से अलग अपने समकक्षों से पीएम नरेन्‍द्र मोदी ने की मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कल रात गयाना में दूसरे भारत-कैरिकॉम शिखर सम्‍मेलन से अलग डोमिनिका के अपने समकक्ष रूजवेल्‍ट स्‍केरिट के साथ मुलाकात की। मोदी ने उन्‍हें डोमिनिका का सर्वोच्‍च सम्‍मान से सम्‍मानित करने के लिए उनका आभार व्‍यक्‍त किया। दोनों नेताओं ने जलवायु अनुकूलन, स्‍वास्‍थ्‍य सेवा, क्षमता निर्माण और नागरिकों के बीच संबंधों को प्रगाढ बनाने जैसे क्षेत्रों में भारत-डोमिनिका के सहयोग के अवसरों को तलाशा। दोनों नेताओं ने संयुक्‍त राष्‍ट्र में सहयोग पर भी चर्चा की।

मोदी ने भारत-कैरिकॉम शिखर सम्‍मेलन से अलग सूरीनाम के राष्‍ट्रपति चन्द्रिका प्रसाद चान संतोखी से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-सूरीनाम की साझेदारी पर हुई प्रगति की समीक्षा की और आर्थिक सहयोग को सशक्‍त बनाने के महत्‍व पर बल दिया। दोनों नेताओं ने रक्षा तथा सुरक्षा, व्‍यापार तथा वाणिज्‍य, कृषि यूपीआई, आईसीटी जैसी डिजिटल पहलों, स्‍वास्‍थ्‍य सेवा, पारंपरिक औषधि तथा फार्मा‍स्‍यूटिकल्‍स, क्षमता निर्माण, मानव संसाधन विकास, सांस्‍कृतिक तथा नागरिकों के बीच संबंधों समेत कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढाने पर सहमति जताई।

मोदी ने गयाना में दूसरे भारत-कैरिकॉम शिखर सम्‍मेलन से अलग त्रिनिदाद और टोबेगो के प्रधानमंत्री डॉक्‍टर कीथ रोले से मुलाकात की। मोदी ने भारत के यूपीआई प्‍लेटफॉर्म को अपनाने के लिए डॉक्‍टर रोले को बधाई दी। दोनों नेताओं ने डिजिटल परिवर्तन, स्‍वास्‍थ्‍य, रक्षा और समुद्री सुरक्षा, परिवहन और सांस्‍कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्रों में भारत- त्रिनिदाद और टोबेगो के बीच संबंधों को सशक्‍त बनाने के उपायों पर भी चर्चा की। दोनों प्रधानमंत्रियों ने त्रिनिदाद और टोबेगो में एकीकृत स्‍वचालित फल और सब्जियों की प्रसंस्करण गतिविधियों को स्‍थापित करने पर एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किये।

मोदी ने बहामास के अपने समकक्ष फिलिप ब्रेव डेविस के साथ बैठक के दौरान आर्थिक संबंधों को सशक्‍त बनाने, जलवायु परिवर्तन कार्यवाही और हरित साझेदारी पर आधारित चर्चा की। दोनों नेताओं ने एक पेड मां के नाम अभियान पर अपने विचारों का आदान-प्रदान भी किया।

मोदी और बारबाडोस की प्रधानमंत्री मिया अमोर मोटली ने भारत-बारबाडोस के संबंधों को सशक्‍त बनाने की पुन: पुष्टि की। दोनों नेताओं ने स्‍वास्‍थ्‍य तथा फार्मा और संयुक्‍त राष्‍ट्र में सहयोग सहित कई मुख्‍य क्षेत्रों में जारी सहयोग की समीक्षा की। इस बैठक के दौरान बारबाडोस की प्रधानमंत्री ने कोविड महामारी के दौरान और भारत-बारबाडोस के संबंधों के प्रति वचनबद्धता को लेकर बारबाडोस को सहयोग करने में मोदी के नेतृत्‍व को मान्‍यता देने के लिए उन्‍हें ऑनरेरी ऑर्डर ऑफ फ्रीडम ऑफ बारबाडोस अवार्ड से सम्‍मानित करने की उनकी सरकार के फैसले की घोषणा की। यह पुरस्‍कार मोदी को बारबाडोस में इस महीने की तीस तारीख को दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने दूसरे भारत-कैरिकॉम शिखर सम्‍मेलन के बैठक से अलग जॉर्जटाउन में ग्रेनेडा के प्रधानमंत्री डिकॉन मिशेल से भी मुलाकात की। मोदी ने दूसरे भारत-कैरिकॉम शिखर सम्‍मेलन को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए मिशेल को बधाई दी। शिक्षा, आईसीटी, स्‍वास्‍थ्‍य सेवा, खाद्य सुरक्षा, क्रिकेट, क्षमता निर्माण और सतत विकास के क्षेत्रों में विकासपरक सहयोग पर चर्चाएं हुई।

मोदी ने एंटीगुआ और बारबुडा के प्रधानमंत्री गैस्‍टन ब्राउन के साथ बैठक के दौरान व्‍यापार तथा निवेश, छोटे द्वीपों के विकासशील देश-सिड्स के लिए क्षमता निर्माण और जलवायु परिवर्तन कार्यवाही के मुद्दों पर विचारों का आदन-प्रदान किया। ब्राउन ने संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्‍थाई सदस्‍यता को समर्थन देने की घोषणा की। मोदी ने चौथे सिड्स सम्‍मेलन की सफलतापूर्वक मेजबानी करने के लिए ब्राउन को बधाई दी। ब्राउन ने शिखर सम्‍मेलन में मोदी द्वारा कैरिकॉम योजना के सात स्‍तंभों को आगे बढाने की पहल की सराहना की।

श्री मोदी ने सेंट लुसिया के प्रधानमंत्री फिलिप जे पियेर के साथ भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने क्षमता निर्माण, शिक्षा, स्‍वास्‍थ्‍य, क्रिकेट और योग के क्षेत्रों में सहयोग को लेकर विचार-विमर्श किया। दोनों देशों ने भारत-सेंट लुसिया के द्विपक्षीय संबंधों को और सशक्‍त बनाने की आवश्‍यकता पर बल दिया। श्री पियेर ने श्री मोदी के कैरिकॉम योजना के सात स्‍तंभों के प्रति आभार व्‍यक्‍त किया।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading