भारतीय एजेंसियां हाल ही में कनाडा में गिरफ्तार किये गए घोषित आतंकवादी अर्श सिंह गिल के प्रत्यर्पण के लिए जरूरी कार्रवाई करेंगी: विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय ने आज कहा कि भारतीय एजेंसियां हाल ही में कनाडा में गिरफ्तार किये गए घोषित आतंकवादी अर्श सिंह गिल उर्फ अर्श दल्ला के प्रत्यर्पण के लिए जरूरी कार्रवाई करेंगी। अर्श दल्ला खालिस्तान टाइगर फोर्स का प्रमुख है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कनाडा में उसकी गिरफ्तारी के संबंध में मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि भारत में अर्श दल्ला के आपराधिक रिकॉर्ड और कनाडा में इसी तरह की अवैध गतिविधियों में उसकी संलिप्तता को देखते हुए, यह उम्मीद की जाती है कि उसे भारत में न्याय का सामना करने के लिए प्रत्यर्पित या निर्वासित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस घोषित अपराधी की कनाडा में गिरफ्तारी के बारे में 10 नवंबर से चल रही मीडिया रिपोर्टें देखी हैं। उन्होंने कहा कि कनाडा में प्रिंट और विजुअल मीडिया ने उसकी गिरफ्तारी के संबंध में विस्तार से रिपोर्ट दी हैं और ओंटारियो कोर्ट ने मामले को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है।