मार्च 7, 2026

गणतंत्र दिवस समारोह-2024: परियोजना वीर गाथा 3.0 में पूरे भारत से 1.37 करोड़ छात्रों ने हिस्सा लिया, इनमें 100 चयनित विजेताओं को विशेष अतिथि के रूप में 26 जनवरी की परेड देखने का अवसर प्राप्त होगा

गणतंत्र दिवस समारोह के एक हिस्से के तहत रक्षा मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय की संयुक्त पहल- परियोजना ‘वीर गाथा’ के तीसरे संस्करण को अखिल भारतीय स्तर पर काफी शानदार प्रतिक्रिया प्राप्त हुई है। लगभग 2.43 लाख विद्यालयों के करीब 1.37 करोड़ छात्रों ने इस पहल में हिस्सा लिया। राष्ट्रीय स्तर पर इनमें से 100 विजेताओं का चयन किया गया।

इन 100 विजेताओं की सूची निम्नलिखित है। इनमें कक्षा 3 से 5 तक, कक्षा छठी से 8वीं तक, कक्षा 9वीं से 10वीं और कक्षा 11वीं से 12वीं की श्रेणियों में हर एक से 25 का चयन किया गया है।

(सुपर 100 विजेताओं की सूची- वीरगाथा 3.0)

इससे पहले 13 जुलाई, 2023 को परियोजना वीर गाथा 3.0 की शुरुआत की गई थी। इसके तहत निबंध और पैराग्राफ लेखन के लिए विचारशील विषयों की एक श्रृंखला प्रस्तुत की गई। इसमें छात्रों को अपने चुने हुए रोल मॉडल, विशेष रूप से वीरता पुरस्कार विजेताओं पर ध्यान केंद्रित करने जैसी विषयवस्तुओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने का विकल्प दिया गया था। इसके अलावा छात्रों को रानी लक्ष्मीबाई की तरह किसी भी स्वतंत्रता सेनानी की जीवन कहानियों के बारे में जानने के लिए प्रोत्साहित किया गया, जिन्होंने उन्हें प्रेरित किया है। साथ ही, इन सुझाए गए विषयों में 1857 का पहला स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्रता संघर्ष में आदिवासी विद्रोह की महत्वपूर्ण भूमिका भी शामिल थी। विषयों के इस विविध संग्रह ने न केवल वीर गाथा 3.0 की सामग्री को समृद्ध किया, बल्कि प्रतिभागियों के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की गहरी समझ को भी बढ़ावा दिया।

इस परियोजना के कार्यान्वयन में विद्यालय द्वारा अपने स्तर पर गतिविधियों को आयोजित करना, विभिन्न स्कूलों में ऑफलाइन व ऑनलाइन मोड में वीरता पुरस्कार विजेताओं द्वारा राष्ट्रव्यापी बातचीत कार्यक्रम और माईगॉव पोर्टल पर शीर्ष प्रविष्टियां जमा करना शामिल था। वीर गाथा 3.0 के लिए विद्यालय-स्तरीय गतिविधियां 30 सितंबर, 2023 को संपन्न हुईं।

राज्य और जिला स्तर पर मूल्यांकन की श्रृंखला के बाद लगभग 3,900 प्रविष्टियां राष्ट्रीय स्तर के मूल्यांकन के लिए प्रस्तुत की गईं। शिक्षा मंत्रालय की ओर से नियुक्त एक समिति ने सभी राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के राज्य नोडल अधिकारियों द्वारा अनुमोदित 100 सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों का चयन किया। इन विजेताओं का अभिनंदन रक्षा मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली में संयुक्त रूप से किया जाएगा। हर एक विजेता को 10,000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा और उन्हें विशेष अतिथि के रूप में कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड- 2024 को देखने का अवसर प्राप्त होगा।

राष्ट्रीय स्तर पर इन चयनित छात्रों के अलावा राज्य/केंद्रशासित प्रदेश के स्तर पर आठ विजेताओं (हर एक श्रेणी से दो) और जिला स्तर पर चार विजेताओं (हर एक श्रेणी से एक) का चयन किया जाएगा और राज्य/केंद्रशासित प्रदेश/जिला अधिकारियों की ओर से उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

सरकार ने आजादी के 75वें वर्ष का उत्सव मनाने के लिए ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के एक हिस्से के तहत परियोजना ‘वीर गाथा’ की शुरुआत की थी। इस पहल का उद्देश्य छात्रों के बीच वीरता पुरस्कार विजेताओं की बहादुरी के कार्यों व इनके जीवन की कहानियों का प्रसार करना है, जिससे उनमें देशभक्ति की भावना को बढ़ाया जा सके और नागरिक चेतना के मूल्यों को स्थापित किया जा सके। इससे पहले के दो संस्करणों के तहत हर एक में 25 विजेताओं (सुपर 25) का चयन किया गया था। इनमें क्रमशः लगभग आठ लाख और 19 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading