जून 22, 2026

27 अक्तूबर से 09 दिसम्बर, 2023 तक फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम

भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सोलन ज़िला के 54-कसौली (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र के सभी 107 मतदान केन्द्रों पर 27 अक्तूबर, 2023 से 09 दिसम्बर, 2023 तक फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। यह जानकारी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी कसौली गौरव महाजन ने दी।
गौरव महाजन ने कहा कि निर्वाचक नामावलियों को तैयार करने की अहर्ता तिथि प्रथम जनवरी, 2024 निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि प्रथम जनवरी, 2024 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नागरिक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि 27 अक्तूबर, 2023 से 09 दिसम्बर, 2023 तक पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं। इसके लिए उन्हें प्रारूप-6 पर आवेदन करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रथम अप्रैल, 2024, प्रथम जुलाई, 2024 तथा प्रथम अक्तूबर, 2024 की अहर्ता तिथि को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नागरिक भी 27 अक्तूबर से 09 दिसम्बर, 2023 तक प्रारूप-6 पर मतदाता सूची में नाम दर्ज करने के लिए अग्रिम आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि 27 अक्तूबर से 09 दिसम्बर, 2023 तक 54-कसौली (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची सम्बन्धित मतदान केन्द्रों पर प्रतिनियुक्त अभिहित अधिकारियों के पास निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि इस अवधि में मतदाता बनने के लिए प्रारूप-6, मतदाता सूचियों में संशोधन तथा शुद्धि के लिए प्रारूप-7 एवं 8 का प्रयोग किया जा सकेगा। मतदाता सूचियों का निरीक्षण उपमण्डलाधिकारी कार्यालय कसौली एवं सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों के कार्यालय में भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान 04 तथा 05 नवम्बर एवं 18 और 19 नवम्बर, 2023 को मतदान केन्द्रों पर राजनीतिक दलों के बूथ स्तर के एजेंटों के साथ विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं।
गौरव महाजन ने कहा कि विशेष अभियान दिवसों पर अभिहित अधिकारी व बूथ स्तर के अधिकारी कार्यालय समय में सम्बन्धित मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों से दावें एवं आक्षेप प्राप्त करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में 54-कसौली (अ.जा.) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के बूथ स्तर के अधिकारियों तथा अभिहित अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आज आयोजित किया गया।
गौरव महाजन 54-कसौली (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र के सभी योग्य मतदाताओं से इस अभियान का लाभ उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि 09 दिसम्बर, 2023 की सांय 05.00 बजे तक मतदाता सूची में नाम दर्ज करने तथा त्रुटियों के निवारण के लिए दावे एवं आक्षेप दाखिल किए जा सकते हैं।
निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी ने विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से आग्रह किया कि फोटोयुक्त मतदाता सूचियों को त्रुटिरहित, स्वच्छ एवं अद्यतन बनाए रखने में सहयोग दें।

Leave a Reply

हो सकता है आप चूक गए हों

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading