अप्रैल 22, 2026

भारतीय तटरक्षक का प्रदूषण-नियंत्रण जहाज ‘समुद्र प्रहरी’ इंडोनेशिया के तंजुंग प्रोक बंदरगाह पहुंचा

समुद्री प्रदूषण के क्षेत्रीय खतरों से निपटने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण प्रदर्शन करते हुए, भारतीय तटरक्षक का विशेष प्रदूषण-नियंत्रण जहाज ‘समुद्र प्रहरी’ 1 अक्टूबर, 2023 को इंडोनेशिया में जकार्ता के तंजुंग प्रोक बंदरगाह पर पहुंचा। समुद्री प्रदूषण प्रतिक्रिया को लेकर भारत की आसियान पहल के हिस्से के रूप में यह यात्रा क्षेत्रीय समुद्री चुनौतियों, विशेष रूप से समुद्री प्रदूषण के खतरों से संबंधित चुनौतियों से निपटने में भारत की विशेषज्ञता और सहयोग भरे प्रयासों पर बल देती है।

11 सितंबर से 14 अक्टूबर, 2023 तक की अपनी विदेशी तैनाती के दौरान, इस विशेष प्रदूषण नियंत्रण जहाज ने 16 सितंबर से 20 सितंबर, 2023 तक बैंकॉक, थाईलैंड के बंदरगाह का दौरा किया था। अपनी प्रदूषण प्रतिक्रिया कॉन्फ़िगरेशन में चेतक हेलीकॉप्टर से सुसज्जित यह जहाज इस क्षेत्र में प्रदूषण प्रतिक्रिया क्षमताएं बढ़ाने को लेकर भारत की प्रतिबद्धता को दिखलाता है।

विदेशी एक्सचेंज कार्यक्रम के हिस्से के रूप में इस जहाज पर राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के 13 कैडेट सवार हैं, जो “पुनीत सागर अभियान” में सक्रिय रूप से भाग लेंगे, जिससे इस अभियान को अंतरराष्ट्रीय पहुंच मिलेगी। इस कार्यक्रम में साझेदार देशों के साथ सहयोग को बढ़ावा देते हुए समुद्र तट की सफाई और इसी तरह की गतिविधियां की जाती हैं।

इस जहाज का बाकमला (इंडोनेशिया मैरीटाइम सिक्योरिटी एजेंसी) बैंड ने धूमधाम से स्वागत किया और सम्मान में सैन्य धुनें बजाईं। जकार्ता में इस जहाज के चार दिवसीय प्रवास के दौरान, यह जहाज बाकमला के साथ पेशेवर आदान-प्रदान, क्रॉस-डेक दौरे, टेबल-टॉप अभ्यास, प्रदूषण प्रतिक्रिया प्रदर्शन, संयुक्त योग सत्र, संयुक्त अभ्यास, आधिकारिक और सामाजिक गतिविधियों में हिस्सा लेगा, जिनमें क्षमता-निर्माण सुविधाओं का दौरा करना भी शामिल होगा।

यह यात्रा, भारत की आसियान पहलों का परिणाम है, और यह घोषणा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पिछले साल 2022 में कंबोडिया में आयोजित आसियान डिफेंस मिनिस्टर मीटिंग प्लस में की थी। यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रेखांकित भारत के दूरदर्शी विज़न के साथ सहजता से मेल खाती है, जिसे “सागर – क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास” पहल में व्यक्त किया गया है।

Leave a Reply

हो सकता है आप चूक गए हों

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading