मार्च 8, 2026

आपदा की घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावितों के साथ – डाॅ. शांडिल

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डाॅ. धनीराम शांडिल ने आज जिला सोलन की ग्राम पंचायत पड़ग में भारी वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुए सम्पर्क मार्ग डढ़ोग गांव की सड़क का निरीक्षण किया तथा राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को मार्ग शीघ्र बहाल करने के उचित दिशा-निर्देश दिए।
डाॅ. शांडिल ने कहा कि पूरे प्रदेश ने इस वर्ष अत्यंत विराट प्राकृतिक आपदा का सामना किया है। इस कारण भारी बहुमूल्य मानवीय क्षति के साथ-साथ व्यापक स्तर पर आर्थिक नुकसान भी हुआ है। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावितों के साथ है और उनका पुनर्वास तथा प्रदेश की आर्थिकी को पुनः गति प्रदान करना प्रदेश सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के संवेदनशील नेतृत्व में प्रदेश सरकार आपदा प्रभावितों के पुनर्वास को समयबद्ध सुनिश्चित बना रही है तथा इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

श्रम एवं रोजगार मंत्री ने कहा कि वह भारी वर्षा के कारण सोलन ज़िला में हुए नुकसान का स्वयं जायजा ले रहे हैं और यह सुनिश्चित बना रहे है कि प्रभावितों को उचित राहत एवं पुनर्वास के साथ-साथ सहारा मिले एवं पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न राहत कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि प्राभावितों को शीघ्र उचित राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि आपदाओं के समय में प्रभावितों को मानसिक क्षति भी उठानी पड़ती है। यह आवश्यक है कि सभी प्रभावितों को समयबद्ध राहत एवं पुनर्वास सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि सही आकलन उचित राहत राशि दिलावाने के साथ-साथ बेहतर पुनर्वास कार्यों में भी सहायक होगा। उन्होंने कहा कि हमें भविष्य में योजनाबद्ध तरीके से सड़क और भवन निर्माण करना होगा ताकि भविष्य में यदि कोई आपदा आए तो नुकसान को न्यून से न्यून किया जा सके।
इसके पश्चात स्वास्थ्य मंत्री ने क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में कण्डाघाट उपमण्डल के अंतर्गत ग्राम पंचायत रहेड के गांव सवां के निवासी संजय 40 वर्ष व देवेंद्र 38 वर्ष पुत्र उमादत की ढांक से गिरने के कारण मृत्यु होने के पश्चात 50 हजार की राशि प्रदान की तथा उमादत और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर कांग्रेस महासचिव रमेश ठाकुर, ग्राम पंचायत पड़ग की प्रधान मीरा देवी, उप प्रधान वेद प्रकाश, पूर्व प्रधान लक्ष्मी दत्त, पूर्व उप प्रधान बालकृष्ण, परमानंद शर्मा, देवदत्त शर्मा, हरिदत्त, हरि किशन सहित डढ़ोग गांव के ग्रामीण, उपमण्डलाधिकारी सोलन कविता ठाकुर, उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट सिद्धार्थ आचार्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजन उप्पल, चिकित्सा अधीक्षक एस.एल वर्मा तथा राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण के प्रबंधक अचल जिंदल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading