मार्च 7, 2026

राज्यपाल ने प्रसिद्ध साहित्यकार, पत्रकार एवं संस्कृति कर्मी जगदीश शर्मा की पुस्तक ‘प्रथम स्वतंत्रता संग्राम’ का लोकार्पण किया

महामहिम राज्यपाल हिमाचल प्रदेश श्री शिव प्रताप शुक्ल ने प्रसिद्ध साहित्यकार, पत्रकार तथा संस्कृति कर्मी जगदीश शर्मा की सद्य प्रकाशित पुस्तक ‘प्रथम स्वतंत्रता संग्राम’ का लोकार्पण आज राजभवन में किया ।

राज्यपाल ने लेखक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पुस्तकें हमारे ज्ञान को विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके अध्ययन से हम अपने जीवन को निरंतर परिष्कृत करते रहते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुस्तक पाठक वर्ग को प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के प्रति अपने दृष्टिकोण को और अधिक स्पष्ट करने में सहायक सिद्ध होगी और देश को गुलामी की जंजीरों से आजाद करने वाले शहीदों के प्रति नई पीढ़ी की श्रद्धा व विश्वास को सुदृढ़ करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पुस्तक के माध्यम से पाठक समाज एवं मानवता की सेवा के प्रति अधिक समर्पित भाव से प्रेरित होंगे।

जगदीश शर्मा ने पुस्तक के विमोचन के लिए राज्यपाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी लेखनी द्वारा इस पुस्तक के माध्यम से उन्होंने शहीदों के जीवन पर गहन अध्ययन किया है और तथ्यात्मक साक्ष्यों को एकत्रित कर पुस्तक में प्रस्तुत किया है। उन्होंने ने कहा कि भारत के स्वतन्त्रता संग्राम पर बहुत पुस्तकें उपलब्ध हैं पर प्रथम स्वतंत्रता संग्राम पर एकांगी पुस्तकें ही लिखी गई हैं क्योंकि बहुत समय तक इस संग्राम को गदर ही कहा जाता रहा है, प्रस्तुत पुस्तक में 1857 के संग्राम को शोध के आधार पर प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सिद्ध किया गया है जिसके पीछे वीर सावरकर जी की प्रेरणा दिखाई देती है। इससे हमारी पीढ़ी को इतिहास का सही बोध हो सकेगा, साथ ही पुस्तक में ऐसे स्वतंत्रता संग्रामियों को सामने लाया है जिनसे अधिकांश लोग अपरिचित हैं।

इस समारोह में लेखक के साथ राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा IAS के अतिरिक्त पूर्व आईएएस व लेखक के.आर. भारती, प्रसिद्ध संस्कृत विद्वान आचार्य डॉ. मस्त राम शर्मा, अकादमी सहसचिव डॉ. श्यामा वर्मा, पूर्व उप-निदेशक उद्यान एन. बी. सिंह तथा लेखक के पुत्र राजेश शर्मा, IFS, उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading